बाढ़ से हुई भारी तबाही पर हर संभव मदद का दिया आश्वासन, अब तक 29 की मौत
नई दिल्ली । पीएम नरेंद्र मोदी ने अपनी जापान और चीन की यात्रा पूरी कर भारत लौट आए हैं। दिल्ली आते ही ही सबसे पहले पंजाब के सीएम भगवंत मान से फोन पर बात की और राज्य में बाढ़ की स्थिति पर चर्चा की। राज्य को हर संभव मदद और समर्थन का आश्वासन दिया। बता दें पंजाब में भारी बारिश और बाढ़ ने तबाही हुई है। राज्य में अब तक 29 लोगों की मौत हो चुकी है। सबसे ज्यादा मौतें पठानकोट जिले में हुई। पंजाब के 12 जिलों में पिछले एक महीने से बाढ़ ने तांडव मचा रखा है, जिसे अधिकारियों ने दशकों में सबसे भयावह आपदा बताया है।
वहीं हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भी भारी बारिश के कारण पंजाब में सतलुज, ब्यास और रावी नदियां उफान पर हैं। राज्य के कई हिस्सों में लगातार बारिश ने स्थिति को भयावह बना दिया है। पंजाब में अब तक 15,688 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। गुरदासपुर में 5,549, फिरोजपुर में 3,321, फाजिल्का में 2,049, अमृतसर में 1,700 और पठानकोट में 1,139 लोगों को बचाया गया। बाढ़ से 1,044 गांव प्रभावित हुए हैं और कुल 2,56,107 लोग इस आपदा की चपेट में हैं, जिनमें अमृतसर 35,000 और फिरोजपुर 24,015 सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। करीब 96,061 हेक्टेयर कृषि भूमि बाढ़ से प्रभावित हुई। पशुधन को भी भारी नुकसान पहुंचा है, हालांकि सटीक आंकड़े पानी उतरने के बाद ही सामने आएंगे।
पंजाब सरकार, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सेना और पंजाब पुलिस दिन-रात लोगों की जान और संपत्ति बचाने में जुटी हैं। पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, फिरोजपुर, फाजिल्का और बठिंडा में एनडीआरएफ की 20 टीमें तैनात हैं। राज्य सरकार ने प्रभावित लोगों के लिए हर संभव राहत और सहायता का भरोसा दिलाया है।