:: मुख्यमंत्री डॉ. यादव के समक्ष बालाघाट में 4 महिला नक्सलियों सहित 10 ने किया समर्पण; बोले- जनवरी 2026 तक लाल सलाम को आखिरी सलाम ::
बालाघाट/इंदौर । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में नक्सलवाद के सफाये की दिशा में एक बड़ी सफलता मिली है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के समक्ष रविवार को बालाघाट में 10 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया, जिनमें 4 महिला नक्सली भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने उन्हें संविधान की प्रति प्रदान कर मुख्यधारा से जोड़ा और आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों ने अपने हथियार मुख्यमंत्री को सौंपे।
::जो कानून की राह अपनाते हैं, उनकी चिंता सरकार करेगी ::
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप सरकार मध्यप्रदेश को नक्सल मुक्त करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने नक्सलियों से आह्वान किया कि वे सरकार की पुनर्वास नीति अपनाएं। उन्होंने आश्वासन दिया कि जो कानून की राह अपनाते हैं, उनकी पुनर्वास की चिंता सरकार करेगी और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए हर संभव प्रयास करेगी।
मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि सतत निगरानी, सघन जांच और कार्रवाइयों से प्रदेश में नक्सली दायरा तेज़ी से घटा है और लक्ष्य है कि जनवरी 2026 तक लाल सलाम को आखिरी सलाम कहा जाए। उन्होंने बताया कि एंटी नक्सल अभियान को सशक्त करने के लिए प्रदेश में 15 नवीन अस्थायी कैंप और विशेष सहयोगी दस्ता के 882 पद स्वीकृत किए गए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शहीद आशीष शर्मा की वीरता को नमन किया और कहा कि कर्तव्यपथ में उत्कृष्टता से कार्य करने वाले 328 हॉक फोर्स सहित पुलिस अधिकारियों को आउट ऑफ टर्न प्रमोशन दिया गया है। डीजीपी कैलाश मकवाना ने भी मुख्यमंत्री के नेतृत्व में एंटी नक्सल अभियान को सशक्त करने के प्रयासों की सराहना की।
:: आत्मसमर्पण करने वाले इनामी नक्सली ::
आत्मसमर्पण करने वालों में ये 10 इनामी नक्सली शामिल हैं: सुरेंद्र उर्फ कबीर उर्फ सोमा सोढी (उम्र 50, निवासी पुलमपाढ, सुकमा छग), राकेश ओडी उर्फ मनीष (उम्र 42, निवासी झंडेपार, गडचिरौली महाराष्ट्र), लालसिंह मरावी उर्फ सींगा उर्फ प्रवीण (उम्र 30, निवासी छोटे गुडरा, दंतेवाड़ा छग), शिल्पा नुप्पो (उम्र 26, निवासी बुडिया बट्टुम, बीजापुर छग), सलीता उर्फ सावित्री अलावा (उम्र 26, निवासी सीनागेलोर, बीजापुर छग), नवीन नुप्पो उर्फ हिडमा (उम्र 30, निवासी बोडकेल, सुकमा छग), जयशीला उर्फ ललीता ओयम (उम्र 26, निवासी तरैम, बीजापुर छग), विक्रम उर्फ हिडमा वट्टी (उम्र 30, निवासी मडपे दुल्लोड, सुकमा छग), जरिना उर्फ जोगी मुसाक (उम्र 26, निवासी मुरंगा, बिजापुर छग) और समर उर्फ समारू उर्फ राजु अतरम (उम्र 32, निवासी इंड्री, बीजापुर छग)।
कार्यक्रम में परिवहन एवं स्कूल शिक्षा और बालाघाट के प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह, पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और जवान उपस्थित रहे।

