जोश और शौर्य की मिसाल : होमगार्ड स्थापना दिवस पर मंत्री विजयवर्गीय की सलामी

मध्य प्रदेश

:: प्लाटूनों का भव्य प्रदर्शन, आत्मरक्षा नाटिका और आपदा प्रबंधन मॉकड्रिल ने मन मोहा ::
इंदौर, । निष्काम सेवा के लिए समर्पित होमगार्ड तथा नागरिक सुरक्षा विभाग मध्यप्रदेश का 6 दिसंबर 2025 को स्थापना दिवस समारोह, इंदौर में जोश और शौर्य के साथ मनाया गया। कार्यालय डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट होमगार्ड परिसर में हुए इस भव्य आयोजन में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
स्थापना दिवस समारोह में प्लाटून कमांडर अविनाश दिनकर के नेतृत्व में आयोजित परेड ने सभी को प्रभावित किया। हथियारों से सुसज्जित प्लाटूनों, सिविल डिफेंस प्लाटून एवं यातायात प्लाटूनों ने परेड में उम्दा और अनुशासित प्रदर्शन किया, जिसकी मुख्य अतिथि विजयवर्गीय ने सलामी ली।
इस अवसर पर जिला कमांडेंट सुमत जैन ने गृहमंत्री भारत सरकार के संदेश का वाचन किया। मुख्य अतिथि के उद्बोधन और पुरस्कार वितरण के साथ, सिविल डिफेंस द्वारा आत्मरक्षा संबंधी नाटिका प्रदर्शन किया गया। साथ ही, एसडीआरएफ (SDRF), होमगार्ड एवं सिविल डिफेंस द्वारा आपदा प्रबंधन संबंधित मॉकड्रिल का आयोजन भी हुआ, जिसने आपदा से निपटने की उनकी तैयारियों को दर्शाया।
यह समारोह होमगार्ड, नागरिक सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन महानिदेशक प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव के विशेष नेतृत्व एवं निर्देशानुसार संपूर्ण मध्य प्रदेश में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के अंत में जवानों और उनके परिवार के सदस्यों के लिए खेलकूद (कबड्डी, रस्सा कसी) और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *