इन्दौर विगत 24 नवंबर को हीरानगर थाना क्षेत्र में किराए का कमरा लेकर रहने वाली प्रियांशी राव ने अपने कमरे में ही फांसी लगाकर जान दे दी। प्रियांशी मूलतः देवास जिले के बरोठा गांव की रहने वाली थी। इंदौर में वह पढ़ाई करते हुए अपने अन्य साथियों के साथ एक कैफे भी संचालित करती थी। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच कार्रवाई शुरू करने के पश्चात अब मृतका प्रियांशी के प्रेमी नवीन गौर और उसकी महिला मित्र भूमि को प्रकरण में आरोपी बनाया है। पुलिस को जांच के दौरान मोबाइल में उसके प्रेमी और उसकी महिला मित्र के साथ धमकी भरी वॉट्सऐप चैट मिली थी। इसके आधार पर पुलिस ने दोनों को आरोपी बनाया है।
थाना प्रभारी सुशील पटेल के अनुसार गत 24 नवंबर को प्रियांशी पिता धर्मेंद्र राव उम्र उन्नीस साल निवासी मेघदूत नगर ने आत्महत्या कर ली थी। पुलिस को जांच में पता चला कि वह पहले नवीन गौर के साथ लिव-इन में रहती थी। पुलिस को पूछताछ में नवीन ने बताया कि वह और प्रियांशी पहले स्कीम नंबर 54 में साथ रहते थे और दोनों के बीच प्रेम संबंध थे। लेकिन उसकी बातचीत भूमि नामक युवती से भी होती थी। प्रियांशी इसको लेकर उससे कई बार विवाद कर चुकी थी वहीं प्रियांशी और भूमि के बीच भी वॉट्सऐप पर बहस हुई थी। इसके चलते प्रियांशी मानसिक दबाव में थी और उसने यह कदम उठाया। जिसके बाद पुलिस ने नवीन पुत्र नारायण गौर निवासी होशंगाबाद और भूमि दोनों को आरोपी बनाया है।

