बेंगलुरु की तर्ज पर संवरेगा इंदौर का धोबी घाट, महापौर ने दिए आधुनिक विकास के निर्देश

इंदौर

इंदौर । नगर पालिक निगम झोन क्रमांक 3 अंतर्गत धोबी घाट क्षेत्र को अब बेंगलुरु की तर्ज पर आधुनिक और सुव्यवस्थित बनाया जाएगा। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने रविवार को क्षेत्र का स्थल निरीक्षण कर पुनर्विकास की संभावनाओं को देखा। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वर्तमान व्यवस्थाओं का अवलोकन कर आवश्यक सुधारों पर चर्चा की और अधिकारियों को विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
महापौर ने कहा कि धोबी घाट को आधुनिक, सुव्यवस्थित एवं स्वच्छ स्वरूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि पूरी योजना में पर्यावरण संरक्षण का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि जल शोधन और स्वच्छता के मानकों का पालन हो सके।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बेंगलुरु में संचालित आधुनिक धोबी घाटों की कार्यप्रणाली का अध्ययन कर यहाँ भी वैसी ही उन्नत सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएँ। इससे न केवल कार्य करने वालों को आसानी होगी, बल्कि क्षेत्र में गंदगी की समस्या भी समाप्त होगी।
भ्रमण के दौरान क्षेत्रीय पार्षद सुरेश टाकलकर, गजानंद गावडे, महापौर प्रतिनिधि भावेश दवे एवं निगम के अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। महापौर ने मौके पर ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों के दौरान स्थानीय निवासियों और कार्य करने वाले वर्ग की सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जाए।