इन्दौर भाजपा कार्यकर्ताओं ने 17 ऐसे संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा और उनके बांग्लादेशी होने के शक में पुलिस के सुपुर्द कर दिया। मामला मल्हारगंज थाना क्षेत्र के कमला नेहरू नगर का है जहां एसआईआर सर्वे के दौरान बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने एक कपड़ा कारखाने में काम करने वाले कर्मचारियों को पकड़ा। भाजपा लक्ष्मीबाई मंडल अध्यक्ष चंदन सिंह बेस के अनुसार ये सभी लोग लंबे समय से इलाके में संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त थे और SIR संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान रिपोर्ट के बाद से नजर में थे सूचना मिलने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने इन्हें पकड़कर मल्हारगंज थाने के सुपुर्द कर यह बताते किया कि इनके वोटर आईडी कार्ड और आधार कार्ड फर्जी हैं। इसके बाद पुलिस ने उन्हें जांच के लिए थाने में बैठा लिया। मंडल अध्यक्ष चंदन सिंह बैस का कहना है कि करीब 17 बांग्लादेशी मुस्लिमों में से 4 के आधार कार्ड के ओटीपी ही आए हैं। बाकी के अपडेट भी नहीं हैं। मोबाइल नंबर भी नहीं बदले गए। जो नंबर है वे नंबर बंद हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि यहां करीब 5 साल से ये लोग रहकर काम कर रहे हैं। ठेकेदार ने भी इनकी जानकारी थाने पर नहीं दी है।
मामले में मल्हारगंज थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह कुशवाह के अनुसार कारीगरों के पास जो आधार कार्ड मिले हैं वे पश्चिम बंगाल के हैं। वे खुद को भी पश्चिम बंगाल का रहने वाला बता रहे हैं। पुलिस उनके दस्तावेज लेकर जांच करवा रही है। उन्हें लाने वाले ठेकेदार पर भी थाने पर सूचना नहीं देने को लेकर कार्रवाई की जा रही है। सभी कारीगर काफी समय से यहां पर सिलाई कारखाने पर काम करते हैं।
वहीं चंदन सिंह बेस ने मांग की है कि पकड़े गए सभी लोगों की सघन जांच की जाए यदि वे बांग्लादेशी नागरिक पाए जाते हैं, तो उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए और उन्हें देश से बाहर किया जाए।
फिलहाल पुलिस सभी के दस्तावेजों की जांच कर रही है और पहचान सत्यापित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी मामले को लेकर स्थानीय लोगों में भी सतर्कता बढ़ गई है।

