भागीरथपुरा में 17 वीं मौत, रिटायर्ड पुलिस कर्मी ओम प्रकाश शर्मा ने तोडा दम, दूषित पानी से हुई किडनी फेल

इंदौर

इन्दौर भागीरथपुरा में इन्दौर नगर निगम द्वारा सप्लाई दूषित पानी से मौतों का आंकड़ा लगातार बढ़ता ही जा रहा है। कल फिर भागीरथपुरा में सप्लाई दूषित पानी के सेवन के बाद पीड़ित रिटायर्ड पुलिसकर्मी ओमप्रकाश शर्मा उम्र उनसाठ साल का निधन हो गया। ओमप्रकाश शर्मा मूलतः शिव विहार कॉलोनी धार के निवासी थे और बेटे से मिलने इंदौर आए थे। यहां उन्हें 1 जनवरी को उल्टी-दस्त की शिकायत के बाद निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया जब जांच में किडनी खराब होने की पुष्टि हुई। परिजनों के अनुसार ओमप्रकाश शर्मा केवल ब्लड प्रेशर के मरीज थे और दूषित पानी पीने के बाद ही उनकी किडनी ने काम करना बंद कर दिया। इसके बाद उनकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई। ज्यादा हालत बिगड़ने पर 2 जनवरी को आईसीयू में शिफ्ट किया गया और दो दिन वेंटिलेटर पर रखा गया। तमाम कोशिशों के बावजूद कल दोपहर करीब 1 बजे उनकी मौत हो गई।
बता दें कि भागीरथपुरा में दूषित जल पीने के कारण बीमार हुए अब तक कुल 398 मरीजों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती किया जा चुका था। जिनमें से 256 मरीजों को डिस्चार्ज किया जा चुका है, जबकि 142 मरीजों का इलाज अभी भी जारी है। शहर के बॉम्बे हॉस्पिटल में भर्ती मरीजों की स्थिति अभी भी चिंताजनक बनी हुई है। यहां 11 मरीज आईसीयू में भर्ती थे, जिनमें से 4 को हालात में सुधार के बाद वार्ड में शिफ्ट किया गया है। कल रात तक 7 मरीज आईसीयू में जिंदगी और मौत से जूझ रहे थे।