प्रेरणा, अनुष्का, प्रखर व मन संधु के मोबाइल का सीडीआर पुलिस ने जांच में लिया::
इन्दौर दो दिन पहले तड़के सवा पांच बजे के करीब हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बर्थ डे पार्टी मनाकर घूम रहे पूर्व गृहमंत्री बाला बच्चन की बेटी प्रेरणा उम्र छब्बीस साल, कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता आनंद कासलीवाल के बेटे प्रखर उम्र सत्ताइस साल और मन सिमरन संधू उम्र छब्बीस साल की अंधगति से चलती कार के खड़े ट्रक में घुसने से हुई हृदय विदारक मौत के मामले की जांच कर रही पुलिस अब उस रात की उनकी ट्रेवल हिस्ट्री निकाल रही है। इसके लिए पुलिस ने हादसे के पहले वे कहां-कहां गए, यह जांचने के लिए प्रेरणा बच्चन, प्रखर कासलीवाल, अनुष्का राठी व मन संधू के मोबाइल की काल डिटेल रिकार्ड (सीडीआर) मांगी गई है। बता दें कि इस ह्रदय विदारक हादसे में रिटायर्ड एएसपी (सीआरपीएफ) कौशलेंद्र राठी की बेटी अनुष्का राठी ही बची है परन्तु वह गंभीर स्थिति में अस्पताल में भर्ती हैं जिसके चलते वह बयान देने की स्थिति में नहीं है। पुलिस इसलिए ही इनके मोबाइल की सीडीआर से हकीकत पता लगाने का प्रयास कर रही है। वहीं इस मामले में जिस फार्म हाउस में इन्होंने प्रखर की बर्थडे पार्टी मनाई थी उस फार्म हाउस के संचालक राहुल सिंह से भी पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है। तेजाजी नगर थाना प्रभारी देवेंद्र मरकाम के अनुसार अनुष्का की रविवार को प्रस्तावित सर्जरी उसकी गंभीर स्वास्थ्य स्थिति के चलते नहीं हो सकी। डॉक्टरों ने पुलिस को बताया कि अनुष्का के शरीर में खून के थक्के (ब्लड क्लॉट्स) मौजूद है। ऐसी स्थिति में एनेस्थीसिया देना जोखिम भरा है, इसलिए फिलहाल सर्जरी संभव नहीं है। जिसके बाद पुलिस इनके मोबाइल के सीडीआर से यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हादसे से पहले ये सभी युवक युवतियां कहां-कहां गए थे। प्रारंभिक जांच में पुलिस को यह बात पता चली है कि ये सभी फार्म हाउस पर आयोजित जन्मदिन की पार्टी से करीब सवा एक बजे निकले थे इसकी पुष्टि फार्म हाउस के सीसीटीवी फुटेज से भी हुई थी। उस वक्त मन संधु इनके साथ नहीं था, पार्टी में भी करीब बावीस लोग थे जिनमें भी मन संधु नहीं था मतलब वह बाद में इनके साथ शामिल हुआ। रात करीब सवा बजे फार्म हाउस से निकलने के बाद करीब चार घंटे तक ये सभी बायपास अथवा कहीं और घूमते रहे थे क्योंकि हादसा सुबह सवा पांच से साढ़े पांच के बीच हुआ था। इस दौरान वें कहां कहां गये, क्यों गये और उन्होंने उन चार घंटों में क्या क्या किया यह जानने का प्रयास कर रही है। हालांकि इन चारों के मोबाइल सीडीआर के पहले पुलिस ने घटनास्थल और उसके आसपास के सीसीटीवी फुटेज निकाल लिए हैं।

