गुना में क्लीन बोल्ड हुए पीसीसी अध्यक्ष जीतू पटवारी,

मध्य प्रदेश

दीतलवाडा स्पोर्ट्स फेस्टिवल में बोले कि हार के बाद ही जीत की रीत है अगली बार फिर बनेगी कांग्रेस सरकार-पटवारी

गुना । मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी बुधवार को गुना जिले के दौरे पर रहे, जहाँ उन्होंने राघौगढ़ विधानसभा क्षेत्र के दीतलवाड़ा में आयोजित भव्य स्पोर्ट्स फेस्टिवल के समापन समारोह में शिरकत की। इस दौरान उनके साथ पूर्व मंत्री और राघौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह भी विशेष रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान एक दिलचस्प वाकया तब देखने को मिला जब खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन करने के लिए पटवारी मैदान पर उतरे। उन्होंने और जयवर्धन सिंह ने हाथ में बल्ला थामकर कुछ गेंदें खेलीं। इसी बीच एक तेज गेंदबाज की गेंद पर पटवारी क्लीन बोल्ड हो गए, जिसे देख वहां मौजूद दर्शकों ने तालियों से उनका उत्साह बढ़ाया। पटवारी ने खेल भावना का परिचय देते हुए खिलाडिय़ों की प्रतिभा की जमकर सराहना की।
मंच से जनसमुदाय को संबोधित करते हुए जीतू पटवारी ने हार-जीत के दर्शन पर अपने विचार रखे। उन्होंने राघौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह की ओर इशारा करते हुए कहा कि जीवन का चक्र हार और जीत से ही चलता है। उन्होंने भरोसा जताते हुए कहा कि भले ही इस बार प्रदेश में कांग्रेस की सरकार नहीं बन पाई, लेकिन हार के बाद ही जीत सुनिश्चित होती है और अगली बार निश्चित रूप से कांग्रेस सत्ता में वापसी करेगी। पटवारी ने जयवर्धन सिंह को याद दिलाया कि पिछली बार वे सरकार में मंत्री थे, और भविष्य में फिर से उन्हें जनता की सेवा का बड़ा अवसर मिलेगा। उन्होंने मकर संक्रांति के पावन पर्व की शुभकामनाएं देते हुए आयोजन की भव्यता को ऐतिहासिक बताया और कहा कि इतने बड़ेे जनसमुदाय की उपस्थिति खिलाडिय़ों के मनोबल को बढ़ाती है।
अपने संबोधन के दौरान पीसीसी अध्यक्ष ने युवाओं और किसानों के मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि आज मध्यप्रदेश के सामने सबसे बड़ी चुनौती युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना और किसानों को संबल प्रदान करना है। उन्होंने जोर देकर कहा कि भले ही कांग्रेस विपक्ष में है, लेकिन उनकी जिम्मेदारी प्रदेश के हर नागरिक के हक की लड़ाई लडऩा है। पटवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री और सरकार पूरे प्रदेश की होती है, इसलिए विपक्ष के नाते वे जनता की समस्याओं और उनके भविष्य की लड़ाई पूरी मजबूती के साथ सदन से लेकर सडक़ तक लड़ेंगे। उन्होंने युवाओं से अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया और आयोजन समिति को इतने व्यवस्थित खेल उत्सव के लिए बधाई दी।
कार्यक्रम के इतर पत्रकारों से चर्चा करते हुए जीतू पटवारी ने इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों के मामले पर सरकार को आड़ेे हाथों लिया। उन्होंने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जनता को जहरीला पानी मिलना विकास के दावों की पोल खोलता है। उन्होंने इस घटना को प्रदेश की बड़ी दुर्गति बताते हुए मुख्यमंत्री से मांग की कि इस मामले में दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए, अन्यथा उन्हें पद छोड़ देना चाहिए। पटवारी ने जानकारी दी कि आगामी 17 जनवरी को राहुल गांधी इंदौर पहुंचकर पीडि़त परिवारों से मुलाकात करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी इस गंभीर मुद्दे पर चुप नहीं बैठेगी और पीडि़तों को न्याय दिलाने के लिए सरकार पर दबाव बनाएगी