:: ‘झंडा ऊँचा रहे हमारा’ अभियान : आज निकलेगी अल्पसंख्यक बच्चों की रैली, शाम को सुरों से सजेगी शाम ::
इंदौर । सामाजिक संस्था ‘सेवा सुरभि’ द्वारा जिला प्रशासन, इंदौर पुलिस, नगर निगम और इंदौर विकास प्राधिकरण के सहयोग से आयोजित “झंडा ऊँचा रहे हमारा” अभियान के दूसरे दिन शुक्रवार को शहर का हृदय क्षेत्र देशभक्ति के रंग में सराबोर रहा। पार्क रोड स्थित एसजीएसआईटीएस कॉलेज के सैकड़ों एनसीसी और एनएसएस कैडेट्स ने मार्चपास्ट कर शौर्य का प्रदर्शन किया। यह मार्चपास्ट लेन्टर्न चौराहे से शुरू होकर यशवंत निवास रोड, हाई कोर्ट और एमजी रोड होते हुए रीगल चौराहे पर स्थापित इंडिया गेट की प्रतिकृति तक पहुँचा। रास्ते भर कैडेट्स के अनुशासन और जोश ने नागरिकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
संस्था के संयोजक ओमप्रकाश नरेडा, संजय पटेल और मोहन अग्रवाल ने बताया कि राजेंद्र जैन एवं विकास जैन के निर्देशन में निकले इस मार्चपास्ट के दौरान कैडेट्स ने मेरा देश, मेरा मुल्क, मेरा यह वतन… जैसे गीतों के माध्यम से शहीदों को याद किया। बैंड की धुन पर कदमताल करते कैडेट्स जब सड़कों से गुजरे तो राहगीर भी उनके सम्मान में रुक गए। रीगल चौराहे पर जैन इंजीनियर सोसाइटी के तत्वावधान में सभी कैडेट्स ने अनाम शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर संस्था सेवा सुरभि के सदस्यों ने कैडेट्स को स्मृति चिन्ह भेंट किए और सुबह से ही पुष्पांजलि देने पहुँच रहे विभिन्न स्कूलों के बच्चों की अगवानी की।
:: अल्पसंख्यक बच्चों की रैली आज ::
अभियान के तहत शनिवार को सुबह 8.30 बजे गाँधी हॉल से इंडिया गेट तक एक विशाल रैली का आयोजन किया जाएगा। मोहम्मद शफी के नेतृत्व में निकलने वाली इस रैली में अल्पसंख्यक समुदाय के हजारों स्कूली बच्चे शामिल होंगे। इसके पश्चात सुबह 10 बजे सिका स्कूल निपानिया के बच्चों द्वारा विशेष प्रस्तुतियां दी जाएंगी। जिला प्रशासन और आयोजन समिति ने इस रैली को लेकर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं और सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
:: सुरों से सजेगी देशभक्ति की शाम ::
शनिवार शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रमों की कड़ी में रवीन्द्र नाट्यगृह में एक विशेष संगीत संध्या का आयोजन होगा। शाम 6.45 बजे से शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में पुणे के प्रसिद्ध कलाकार “भारत हमको जान से प्यारा है” विषय पर अपनी प्रस्तुतियां देंगे। रंग-ए-महफ़िल एवं वनबन्धु परिषद इंदौर चैप्टर के सहयोग से आयोजित यह कार्यक्रम आमंत्रित अतिथियों के लिए रहेगा, जिसमें कला और संगीत के माध्यम से राष्ट्र के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की जाएगी।

