इन्दौर | अज्ञात कारणों के चलते एक युवक ने अपने जन्मदिन पर ही जहरीला पदार्थ खा लिया, तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे जहां उसकी मौत हो गई। मामला अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार वंश पिता अनिल पारोचे उम्र बीस साल निवासी महावर नगर की कल जहर खाने से मौत हो गई कल उसका जन्मदिन भी था। घटना के बारे में पुलिस को वंश के बड़े भाई नीरज ने बताया कि वे विदुर नगर में रहते है, लेकिन उनका पुराना मकान महावर नगर में है। शुक्रवार को छोटे भाई वंश का जन्मदिन महावर नगर के मकान में मनाया। जिसके बाद परिवार के लोगों ने खाना खाया। उसने भी खाया और फिर वह ऊपरी मंजिल पर अपने कमरे में चला गया। वहां उसने कुछ जहरीला पदार्थ खा लिया। वंश को जब उल्टी हुई और उसकी तबीयत बिगड़ने लगी तो मां को पता चला, जिसके बाद उसे पहले नजदीकी निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां से एमवाय अस्पताल रेफर कर दिया। नीरज के अनुसार वंश धार्मिक प्रवृत्ति का था। पूजा-पाठ करने वाला था। उसे माताजी भी आती थी। वह मां के साथ नगर निगम में काम करता था। उसने ऐसा क्यों किया ये परिवार के लोगों को भी समझ नहीं आ रहा है। पुलिस को उसके पास से कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम हेतु भिजवा कार्रवाई शुरू कर दी है।

