ऑर्डर बढ़ने के साथ इंदौर में 10 आउटलेट तक पहुंचा कैफे ब्रांड ::
इंदौर । इंदौर के कैफे ब्रांड टिंकूज़ ने जोमैटो से जुड़ने के बाद अपने सालाना ऑनलाइन ऑर्डर में करीब 2.6 गुना वृद्धि दर्ज की है। कंपनी के अनुसार 2019 में जहां सालाना करीब 40,800 ऑर्डर मिलते थे, वहीं 2025 तक यह संख्या बढ़कर लगभग 1.07 लाख पहुंच गई। इसी दौरान ब्रांड ने शहर में अपने आउटलेट्स की संख्या बढ़ाकर 10 कर ली है।
टिंकूज़ की स्थापना 1997 में हेमंत कौल ने की थी। ब्रांड सैंडविच, कॉफी और ग्राहक-केंद्रित सेवा के लिए जाना जाता है। हेमंत कौल ने बताया कि बदलते उपभोक्ता व्यवहार और ऑनलाइन फूड ऑर्डरिंग के बढ़ते चलन को देखते हुए जोमैटो के साथ साझेदारी की गई, जिससे ऑफलाइन ग्राहकों के साथ-साथ ऑनलाइन बाजार में भी पहुंच बढ़ी।
कंपनी के मुताबिक, एक वर्ष के भीतर मासिक ऑर्डर 6,000 से बढ़कर 18,000 तक पहुंच गए। प्रमोशनल कैंपेन, विज्ञापन सेवाओं, फ्लैश सेल, बेहतर मेन्यू प्रेजेंटेशन और पैकेजिंग के जरिए ब्रांड की ऑनलाइन मौजूदगी मजबूत हुई, जिसका असर बिक्री पर भी दिखाई दिया।
जोमैटो के सीईओ आदित्य मंगला ने कहा कि स्थानीय रेस्तरां ब्रांडों को उनकी पहचान बनाए रखते हुए अधिक ग्राहकों तक पहुंचाने में प्लेटफॉर्म की भूमिका लगातार बढ़ रही है।
टिंकूज़ के संस्थापक हेमंत कौल ने बताया कि उन्होंने अपने करियर की शुरुआत एक आइसक्रीम कंपनी में मार्केटिंग मैनेजर के रूप में की थी। वहीं से उपभोक्ताओं की पसंद और ब्रांड निर्माण की समझ विकसित हुई, जिसके आधार पर टिंकूज़ की शुरुआत की गई। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता और ग्राहकों की संतुष्टि पर लगातार फोकस ने ब्रांड को इंदौर के प्रमुख कैफे ब्रांडों में शामिल किया है।
जोमैटो ने बताया कि छोटे और मध्यम रेस्तरां को बढ़ावा देने के लिए प्लेटफॉर्म पर 15 मिनट में ऑनबोर्डिंग, रेस्तरां सर्विस हब, लाइसेंसिंग, स्टाफिंग, हाइजीन ऑडिट और चुनिंदा शहरों में शुरुआती 30 दिन तक शून्य प्रतिशत कमीशन जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।

