::इवेंट्स कंपनी के नाम पर बड़ी-बड़ी पार्टियां आयोजित कर उनमें करते थे ड्रग्स सप्लाई::
इन्दौर| पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के निर्देशानुसार नशेड़ियों और नशे के सौदागरों के खिलाफ सख़्त पुलिस ने एक बड़ी सफलता प्राप्त करते भोपाल के एक स्कूल प्रिंसिपल को ड्रग तस्करी के आरोप में एमडी ड्रग सहित चार दिन पहले पकड़ा था। मामला कनाड़िया थाना क्षेत्र का है और पकड़ाए नशे के सौदागर स्कूल प्रिंसिपल का नाम अबान शकील है। पुलिस ने उसके पास से 5.15 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्त की थी। कोर्ट रिमांड के बाद पुलिस पूछताछ में अबान ने अपने अन्य नशे के सम्पर्क सूत्रों की जानकारी देते एक अन्य नशे के सौदागर वैभव उर्फ बाबा शर्मा के संबंध में बताया जिस पर कार्यवाही करते पुलिस ने वैभव उर्फ बाबा को दो अन्य युवतियों साहित एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके पास से इनकी दोनों गाडियां थार और ईको स्पोर्ट जिनका उपयोग ये ड्रग तस्करी में करते थे वो भी जब्त कर ली है। पुलिस के अनुसार गत 12 जनवरी को एम डी ड्रग सहित पकड़ाए आरोपी अबान शकील पिता शकील मोहम्मद, निवासी कोहेफिजा भोपाल जो कि भोपाल में ही एक स्कूल का प्रिंसिपल है की निशानदेही पर टीम द्वारा कार्यवाही करते डीपीएस स्कूल बायपास के पास संदिग्धावस्था में खड़ी बिना नम्बर की इको स्पोर्ट्स कार को निकट जाकर चेक करने का प्रयास किया तो उक्त कार का चालक पुलिस टीम को देखते ही कार में से निकलकर भागने का प्रयास करने लगा जिसको घेराबंदी कर टीम द्वारा पकड़ा और तलाशी ली तो उसके पास से 5.1 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई। पूछताछ में उसने अपना नाम वैभव उर्फ अरुण उर्फ बाबा शर्मा उम्र तीस साल निवासी महालक्ष्मी नगर इंदौर बताया तथा उसने कार में बैठी युवतियों के पास भी एमडी ड्रग्स होने की बात कही जिस पर पुलिस टीम द्वारा कार में बैठी हुई दोनों युवतियों अलीशा मसीह उर्फ जैनी पिता अनिल मसीह, निवासी सुभाष नगर रतलाम और नेहा झा उर्फ रिशु पिता अजय झा, निवासी शिवाजी नगर सांईनाथ चौक, मरोल अंधेरी ईस्ट मुंबई को भी गिरफ्तार कर उनके पास से क्रमशः 3.24 ग्राम और 2.5 ग्राम एम डी ड्रग जब्त की। पुलिस को पूछताछ में रिशु झा उर्फ नेहा पिता अजय झा ने बताया कि वह मूलत अंधेरी ईस्ट मुंबई की रहने वाली है तथा आरोपी बाबा के साथ बड़ी-बड़ी क्लब और बार की पार्टियों में जा जा कर अवैध एमडी ड्रग्स की सप्लाई करती है वहीं अलीशा मसीह उर्फ जैनी ने बताया कि मध्य प्रदेश के रतलाम जिले की रहने वाली है जो कि बाबा शर्मा के साथ ही क्लब पार्टियों में जाकर युवाओ को महंगी कीमत पर एमडी ड्रग्स की पुड़ियां बनाकर सप्लाई करती है। वहीं प्रारंभिक पूछताछ में बाबा शर्मा के तार गोवा के कई क्लबों के अतिरिक्त अन्य प्रदेशों से भी जुड़े होना पता चलने के साथ ही उसके द्वारा इंदौर के कई क्लबों में युवतियों की सहायता से एमडी ड्रग्स सप्लाई करने की जानकारी मिलने पर पुलिस उससे विस्तृत पूछताछ कर रही है।

