:: बारिश से प्रभावित मैच में रॉयल निमाड़ ईगल्स ने भोपाल लेपर्ड्स को 8 विकेट से रौंदा ::
इंदौर । मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग 2026 में सोमवार को होल्कर स्टेडियम में रॉयल निमाड़ ईगल्स ने अपनी बादशाहत कायम रखते हुए भोपाल लेपर्ड्स को धूल चटा दी। बारिश से बाधित इस मुकाबले में ईगल्स के गेंदबाजों और बल्लेबाजों के आक्रामक प्रदर्शन के आगे लेपर्ड्स की टीम कहीं टिक नहीं सकी। कुमार कार्तिकेय (6 विकेट) की घातक गेंदबाजी और कनीष्क दुबे (नाबाद 51 रन) की विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर ईगल्स ने 8 विकेट से एकतरफा जीत दर्ज की।
बारिश के कारण मैच को 13 ओवर प्रति पारी तक सीमित कर दिया गया था। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी ईगल्स की टीम के लिए कुमार कार्तिकेय सिंह काल बनकर आए। उन्होंने अपने 3 ओवर के स्पैल में मात्र 24 रन खर्च कर 6 महत्वपूर्ण शिकार किए। उनके सामने लेपर्ड्स के बल्लेबाज घुटने टेकते नजर आए। टीम की तरफ से राहुल शिवराम चंद्रोल (41) ने कुछ संघर्ष किया, लेकिन पूरी टीम 13 ओवर में 107 रन पर ही सिमट गई। शानदार गेंदबाजी के लिए कुमार कार्तिकेय को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
108 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ईगल्स की शुरुआत तेज रही। हालांकि धर्मेश पटेल (15) और हिमांशु मंत्री (31) के विकेट गिरे, लेकिन इसके बाद क्रीज पर आए कनीष्क दुबे ने रनों की बरसात कर दी। कनीष्क ने महज 19 गेंदों में 6 छक्कों और 2 चौकों की मदद से नाबाद 51 रन ठोक दिए। उनके 268.42 के स्ट्राइक रेट ने लेपर्ड्स के गेंदबाजों के होश उड़ा दिए। ईगल्स ने महज 9.2 ओवर में ही जीत का लक्ष्य हासिल कर लिया।
इस शानदार जीत के साथ रॉयल निमाड़ ईगल्स 14 अंकों और +1.749 की शानदार नेट रनरेट के साथ अंक तालिका में दूसरे स्थान पर मजबूती से काबिज हो गई है। टीम अब प्लेऑफ में अपनी जगह लगभग पक्की कर चुकी है। वहीं, 6 अंकों के साथ भोपाल लेपर्ड्स का सफर लगभग समाप्त माना जा रहा है।
:: अब निर्णायक मुकाबलों का दौर ::
लीग के आगामी मुकाबलों में 23 जून मंगलवार को दोपहर 3:00 बजे इंदौर पिंक पैंथर्स और ग्वालियर चीतास आमने-सामने होंगे, जबकि उसी दिन शाम 7:30 बजे चंबल घड़ियाल का सामना रीवा जगुआर से होगा। 24 जून बुधवार को दोपहर 3:00 बजे जबलपुर रॉयल लायंस और बुंदेलखंड बुल्स के बीच मैच खेला जाएगा। लीग चरण के समापन के बाद नॉकआउट दौर शुरू होगा। सेमीफाइनल मुकाबले 25 जून गुरुवार को आयोजित किए जाएंगे और टूर्नामेंट का ग्रैंड फाइनल 26 जून शुक्रवार को होल्कर स्टेडियम में खेला जाएगा।
:: संक्षिप्त स्कोर ::
भोपाल लेपर्ड्स : 107 ऑल आउट (13 ओवर) – राहुल चंद्रोल 41, अंश बगाड़िया 24; कुमार कार्तिकेय 6/24, परुष मंडल 2/12।
रॉयल निमाड़ ईगल्स : 112/2 (9.2 ओवर) – कनीष्क दुबे 51* (19 गेंद), हिमांशु मंत्री 31 (17 गेंद); प्रांजुल पुरी 1/23।


1 thought on “कुमार कार्तिकेय के कहर व कनीष्क के तूफानी अर्धशतक से ईगल्स की बड़ी जीत”
Comments are closed.