मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बोले- जातिवाद और छुआछूत की विसंगतियां दूर कर एकजुट समाज का निर्माण हमारा संकल्प
भोपाल । संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में मंगलवार को भोपाल में प्रदेश स्तरीय कलश वंदन यात्रा का शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य एवं वरिष्ठ नेता दुष्यंत गौतम ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद ‘वंदे मातरम्’ का गायन हुआ। अतिथियों ने कलश वितरित कर ध्वज दिखाकर यात्रा को रवाना किया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि संत रविदास जी का जीवन सामाजिक समरसता, भक्ति, कर्म और मानवता का संदेश देता है। उनकी 650वीं जयंती वर्ष को मध्यप्रदेश में श्रद्धा, भव्यता और व्यापक जनभागीदारी के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जातिवाद और छुआछूत जैसी विसंगतियों को दूर कर समाज को एकजुट करना हमारा संकल्प है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सागर में करीब 100 करोड़ रुपये की लागत से संत रविदास जी के स्मारक एवं तीर्थस्थल का निर्माण किया जा रहा है, जिसका लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कराने की तैयारी है। उज्जैन में संत रविदास जी के नाम से गुरुद्वारा बनाया जाएगा। प्रदेश में जहां-जहां संत रविदास जी के चरण पड़े हैं, उन स्थानों को भी विकसित और संवारा जाएगा।
सात माह चलेगा समरसता संकल्प अभियान
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि संत रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर शुरू किया गया समरसता संकल्प अभियान केवल कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता का व्यापक आंदोलन है। यह अभियान सात माह तक चलेगा और भाजपा कार्यकर्ता संत रविदास जी के संदेश को प्रदेश के प्रत्येक जिले, मंडल, गांव और समाज तक पहुंचाएंगे।
उन्होंने कहा कि संत रविदास जी ने जाति, ऊंच-नीच और भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता, समानता और सामाजिक एकता का मार्ग दिखाया। उनके विचारों को केवल स्मरण करने के बजाय जीवन और सामाजिक व्यवहार में उतारना आवश्यक है।
केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके ने कहा कि संत रविदास जी सामाजिक समरसता के संदेशवाहक और मानवता के उपासक थे। उनकी 650वीं जयंती के अवसर पर आयोजित समरसता संकल्प अभियान उनके विचारों और वाणी को जन-जन तक पहुंचाने का महाअभियान है।
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने बताया कि अभियान के तहत संत संपर्क, कलश वंदन, छात्रावास संपर्क और समरसता यात्रा सहित विभिन्न कार्यक्रम होंगे। संत रविदास जी की जन्मस्थली की पावन मिट्टी से पूजित कलश प्रदेश के जिलों और मंडलों तक पहुंचाए जाएंगे। 20 अगस्त को पूरे मध्यप्रदेश में कलश वंदन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके बाद मंडल और पंचायत स्तर पर कलश शोभायात्राएं निकाली जाएंगी।
वरिष्ठ नेता दुष्यंत गौतम ने कहा कि कलशों के माध्यम से संत रविदास जी की वाणी और सामाजिक समरसता का संदेश घर-घर पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी के विचारों से प्रेरणा लेकर सामाजिक एकता को मजबूत करना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है।
समारोह में केंद्रीय मंत्री सावित्री ठाकुर, उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, राकेश सिंह, प्रहलाद सिंह पटेल, विजय शाह, तुलसीराम सिलावट, गोविंद सिंह राजपूत, इंदर सिंह परमार सहित अनेक मंत्री, सांसद, विधायक, पार्टी पदाधिकारी एवं सामाजिक प्रतिनिधि उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने संतों एवं समाजजनों पर पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया।

