बजट सत्र के दौरान आमने-सामने आए राहुल गांधी और केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू
‘ये रहा गद्दार…’ टिप्पणी से गरमाया माहौल, कैमरों में कैद हुई नोकझोंक
नई दिल्ली । संसद के बजट सत्र के दौरान बुधवार को संसद परिसर उस समय राजनीतिक अखाड़ा बन गया, जब लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। यह पूरा घटनाक्रम कैमरों में कैद हो गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही सियासी हलकों में हलचल मच गई।
घटना उस वक्त हुई जब कांग्रेस सांसद निलंबित सदस्यों के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे थे और राहुल गांधी उनके साथ खड़े नजर आए। इसी दौरान केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू वहां से गुजर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों और समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, राहुल गांधी ने बिट्टू की ओर इशारा करते हुए कहा, “ये रहा गद्दार, इसका चेहरा देखो।” यहीं नहीं, राहुल गांधी ने हाथ मिलाने की कोशिश करते हुए व्यंग्यात्मक लहजे में कहा, “हैलो भाई, मेरे गद्दार दोस्त… चिंता मत करो, तुम वापस कांग्रेस में आ जाओगे।”
राहुल गांधी की इस टिप्पणी पर रवनीत सिंह बिट्टू भड़क उठे। उन्होंने हाथ मिलाने से इनकार करते हुए पलटवार किया और कहा, “देश के दुश्मन…।” इसके बाद दोनों नेताओं के बीच कुछ देर तक तीखी बहस होती रही, जिससे संसद परिसर का माहौल और गरमा गया।
गौरतलब है कि रवनीत सिंह बिट्टू कभी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रहे हैं, लेकिन बाद में उन्होंने कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया था। इसी राजनीतिक पृष्ठभूमि को लेकर राहुल गांधी की टिप्पणी को पुराने रिश्तों और दल-बदल की राजनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। इस घटना के बाद भाजपा ने राहुल गांधी की भाषा और आचरण पर सवाल उठाए हैं, वहीं कांग्रेस ने इसे राजनीतिक बयानबाजी और उकसावे का हिस्सा बताया है।

