:: कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस में विकास कार्यों की समीक्षा; सुशासन, शिक्षा और स्वास्थ्य को दी सर्वोच्च प्राथमिकता ::
इंदौर/भोपाल । मुख्य सचिव अनुराग जैन ने प्रदेश के सभी कलेक्टर्स और कमिश्नर्स को निर्देशित किया है कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन पूरी संवेदनशीलता के साथ सुनिश्चित करें। मंत्रालय में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उन्होंने स्पष्ट किया कि आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान और विकास कार्यों में शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मुख्य सचिव ने मुख्यमंत्री वृंदावन ग्राम योजना की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि चयनित गांवों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए 31 मार्च तक विजन डॉक्यूमेंट तैयार करें। उन्होंने पंचायत स्तर पर नए राजस्व स्रोत विकसित करने और जल जीवन मिशन के कार्यों को समय सीमा में पूर्ण करने पर जोर दिया। विशेष रूप से रीवा, मुरैना, भिंड और सिंगरौली जैसे जिलों को एकल नल जल योजना में गति लाने के निर्देश दिए गए।
जैन ने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य समाज के भविष्य को तय करते हैं। उन्होंने नए सत्र में स्कूलों में जीरो ड्रॉपआउट सुनिश्चित करने और आंगनबाड़ियों में 3 से 6 वर्ष के बच्चों के पंजीयन बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने जबलपुर संभाग सहित पन्ना और बालाघाट जिले की शिक्षा पोर्टल पर बेहतर प्रदर्शन के लिए सराहना की। साथ ही, 8 मार्च (महिला दिवस) तक सभी स्कूलों में बालिका शौचालय निर्माण पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए।
स्वरोजगार योजनाओं की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना और अटल पेंशन योजना जैसी केंद्र व राज्य की प्रमुख योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने को कहा। एक जिला-एक उत्पाद योजना के तहत उन्होंने उत्पादों की ब्रांडिंग, पैकेजिंग और जीआई टैग (GI Tag) दिलाने के प्रयासों पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के तहत जिला स्तरीय बिजनेस रिफॉर्म्स को सुदृढ़ करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में पीएम कृषक मित्र सूर्य योजना को प्रदेश के लिए गेम-चेंजर बताते हुए उन्होंने कलेक्टर्स को इसे प्राथमिकता देने को कहा। मुख्य सचिव ने सीएम हेल्पलाइन के समय सीमा में निराकरण और कृषक कल्याण वर्ष के अंतर्गत किसानों को सीधा लाभ पहुंचाने की हिदायत दी।
बैठक में इंदौर संभागायुक्त कार्यालय से संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े, संयुक्त आयुक्त विकास डी.एस. रणदा और कलेक्टर कार्यालय से कलेक्टर शिवम वर्मा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सम्मिलित हुए।

