शुद्ध होली-सुरक्षित इंदौर अभियान : मिलावट की आशंका में 209 किलो पनीर जब्त

धार्मिक

:: खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई; शहर में 5 ठिकानों पर छापे, मिठाइयों और मसालों के लिए 22 नमूने ::
इंदौर । होली के त्योहार को देखते हुए मिलावटखोरों के विरुद्ध जिला प्रशासन ने शुद्ध होली-सुरक्षित इंदौर अभियान के तहत कमर कस ली है। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर गठित खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के तीन दलों ने गुरुवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सघन कार्रवाई की। इस दौरान तेजाजी नगर स्थित एक डेयरी से भारी मात्रा में संदिग्ध पनीर जब्त किया गया और कई प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए।
खाद्य विभाग के दल ने खंडवा रोड स्थित नव शक्ति डेरी एंड स्वीट्स पर औचक दबिश दी। यहाँ मिलावटी पनीर के निर्माण की सूचना पर पनीर, घी, मावा, मिल्क केक और दूध सहित कुल 7 नमूने लिए गए। टीम ने मौके से नकली होने की आशंका में 209 किलोग्राम पनीर जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 75 हजार रुपये बताई जा रही है।
एक अन्य कार्रवाई में रानीबाग खंडवा रोड स्थित क्वालिटी स्वीट्स और अमृत डेरी से मिल्क केक, बर्फी और घी सहित 8 नमूने लिए गए। वहीं, नंदा नगर स्थित पोरवाल मसाला पर कार्रवाई के दौरान खाद्य लाइसेंस नहीं पाया गया, जहाँ से विभिन्न दालों के 5 नमूने लिए गए। सुदामा नगर स्थित मिठास 365 रेस्टोरेंट से भी पनीर और मिल्क केक के सैंपल लिए गए हैं।
विभाग द्वारा कुल 22 नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। अधिकारियों के अनुसार, लैब रिपोर्ट आने के बाद संबंधित संचालकों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहार तक मिलावट विरोधी यह अभियान सतत रूप से जारी रहेगा।