इंदौर अग्नि हादसा : मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शोकाकुल परिजनों से मिल साझा किया दुख; मृतकों को दी भावभीनी श्रद्धांजलि

ताज़ा खबर देश

:: एक्सपर्ट टीम करेगी हृदय विदारक दुर्घटना के हर पहलू की गहन जाँच, भविष्य में पुनरावृत्ति रोकने के लिए राज्य सरकार उठाएगी कड़े कदम ::
इंदौर । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज इंदौर के जंजीरवाला चौराहा स्थित जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभागृह पहुंचकर बंगाली चौराहा स्थित बृजेश्वरी एनेक्स में हुई दुखद अग्नि दुर्घटना के मृतकों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिजनों से भेंट कर उन्हें ढांढस बंधाया और बाबा महाकाल से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि इस हृदय विदारक घटना की विशेषज्ञों द्वारा हर तकनीकी और व्यावहारिक पहलू से गहन जाँच कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही अपर मुख्य सचिव अनुपम राजन और विशेष डीजी आदर्श कटियार को मौके पर निरीक्षण के लिए भेजा गया था। सरकार का लक्ष्य ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकना और सुरक्षा मानकों को और कड़ा करना है।
:: परिजनों को सहायता का भरोसा ::
मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवारों से घटना की विस्तृत जानकारी ली और उन्हें शासन की ओर से हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि दुःख की इस घड़ी में पूरी राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है।
इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, सांसद शंकर लालवानी, विधायक महेन्द्र हार्डिया, मालिनी गौड़, गोलू शुक्ला, कलेक्टर शिवम वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।