:: बंगाली चौराहा स्थित ब्रजेश्वरी एनेक्स में हुई हृदयविदारक घटना; आईआईटी विशेषज्ञों की मदद से होगी फोरेंसिक जांच, सुरक्षा के लिए बनेगी नई एसओपी ::
इंदौर । इन्दौर के बंगाली चौराहा स्थित ब्रजेश्वरी एनेक्स में बुधवार तड़के हुई भीषण अग्नि दुर्घटना के बाद प्रशासनिक सक्रियता तेज हो गई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए अपर मुख्य सचिव अनुपम राजन और विशेष डीजी आदर्श कटियार विशेषज्ञों के दल के साथ तत्काल घटना स्थल पर पहुँचे और स्थिति का सूक्ष्मता से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अपर मुख्य सचिव अनुपम राजन ने स्पष्ट किया कि शासन ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इस दुर्घटना के हर तकनीकी व व्यावहारिक पहलू की विस्तृत जांच की जाएगी।
जांच प्रक्रिया को वैज्ञानिक आधार देने के लिए आईआईटी एक्सपर्ट्स और तकनीकी विशेषज्ञों की मदद से फोरेंसिक साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं, जिससे आग लगने के वास्तविक कारणों का सटीक पता चल सके। इसके साथ ही भविष्य में सुरक्षा मानकों को कड़ाई से लागू करने हेतु एक व्यापक मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार की जाएगी ताकि सुरक्षा प्रोटोकॉल में कोई चूक न रहे। विशेष रूप से इलेक्ट्रिक वाहनों की सुरक्षा पर ध्यान केंद्रित करते हुए अनुपम राजन ने बताया कि जल्द ही इस क्षेत्र के विशेषज्ञों की एक उच्च स्तरीय बैठक आहूत की जाएगी। इसमें इस गंभीर बिंदु पर गहन मंथन होगा कि चार्जिंग के दौरान इस तरह की अग्नि दुर्घटनाएं क्यों हो रही हैं और इन्हें तकनीकी रूप से कैसे नियंत्रित किया जा सकता है।
निरीक्षण के समय पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह, कलेक्टर शिवम वर्मा और नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विशेषज्ञों की रिपोर्ट के आधार पर भविष्य के लिए कड़े दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। जांच दल ने घटना स्थल से आवश्यक नमूने एकत्र किए हैं और प्रारंभिक साक्ष्यों के आधार पर सुरक्षा व्यवस्थाओं को और अधिक चाक-चौबंद बनाने की रणनीति तैयार की जा रही है। जवाबदेही तय करने के लिए सभी संबंधित विभागों से विस्तृत रिपोर्ट तलब की गई है।

