फरसा वाले बाबा की हत्या पर बवाल, गुस्साए लोगों ने किया पथराव,पुलिस को करना पड़ी फायरिंग

देश

दिल्ली-आगरा नेशनल हाईवे पर लगा जाम
मथुरा । उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद अंतर्गत कोसीकलां थाना क्षेत्र में गोरक्षा के लिए समर्पित विख्यात संत चंद्रशेखर, जिन्हें ब्रज क्षेत्र में फरसा वाले बाबा के नाम से जाना जाता था, की एक सड़क हादसे में मौत हो गई। इस घटना के बाद लोगों में भारी गुस्सा छा गया। उन्होंने हत्या का आरोप लगाया और आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग की। इसी बीच पथराव होने लगा तब पुलिस को भीड़ नियंत्रित करने के लिए हवाई फायरिंग करना पड़ी। इसमें कुछ लोगों को चोटे लगने और घायल होने की भी खबर है। इस मामले में स्थानीय लोग और गोरक्षक इसे गोतस्करों द्वारा गाड़ी से कुचलकर की गई हत्या करार दे रहे हैं, गुस्साए लोगों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। वहीं पुलिस प्रशासन इसे कोहरे के कारण हुआ हादसा बता रहा है।
घटना के अनुसार, बीती रात करीब 3 से 4 बजे के बीच बाबा चंद्रशेखर को गोतस्करी की सूचना मिली थी। वे अपनी बाइक से संदिग्धों का पीछा कर रहे थे, तभी नवीपुर गांव के पास एक तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। इस भीषण भिड़ंत में बाबा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना फैलते ही पूरे ब्रज क्षेत्र में शोक और आक्रोश की लहर दौड़ गई। क्रोधित ग्रामीणों और हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने दिल्ली-आगरा नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया, जिससे कई घंटों तक यातायात बाधित रहा। प्रदर्शन के दौरान स्थिति तब और बिगड़ गई जब प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया, जिससे पुलिसकर्मियों में भगदड़ मच गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा और कथित तौर पर हवाई फायरिंग भी हुई। पथराव में कुछ लोग घायल हुए हैं और कई वाहनों को नुकसान पहुँचा है।
स्थानीय लोगों ने मौके से एक संदिग्ध युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले किया है, जबकि तीन अन्य फरार बताए जा रहे हैं। एसएसपी मथुरा ने बताया कि प्राथमिक जांच में मामला कोहरे के कारण हुए हादसे का लग रहा है, लेकिन पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। बाबा चंद्रशेखर अपने निडर स्वभाव और गौ-सेवा के लिए विख्यात थे। उनके पार्थिव शरीर को उनके गांव अंजनोख स्थित गोशाला ले जाया गया है, जहाँ हजारों की संख्या में गौ-भक्त और ग्रामीण अंतिम दर्शन के लिए उमड़ पड़े हैं। प्रशासन ने इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया है।