भोपाल(ईएमएस)। शहर में यातायात और पैदल आवागमन को सुगम बनाने के लिए नगर निगम भोपाल द्वारा अतिक्रमण के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। बुधवार को निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाकर अवैध चबूतरे, अस्थाई छप्पर, शेड, ठेले, गुमठियां और फुटपाथों पर लगी दुकानों को हटाया। इस दौरान एक ठेला, दो लोहे के पलंग और एक फोल्डिंग टेबल भी जब्त की गई।
निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देश पर सीएम हेल्पलाइन, महापौर हेल्पलाइन और अन्य माध्यमों से मिली शिकायतों के निराकरण के साथ नियमित अभियान चलाया गया। निगम अमले ने वल्लभ भवन, न्यू मार्केट, बाणगंगा, जवाहर चौक, बिट्टन मार्केट, शाहपुरा, कोलार, अरेरा कॉलोनी, होशंगाबाद रोड, जहांगीराबाद, रॉयल मार्केट, कोहेफिजा, करोंद, बैरसिया रोड, अयोध्या नगर और अवधपुरी सहित शहर के अनेक क्षेत्रों में कार्रवाई की।
इस दौरान जवाहर चौक, सरस्वती नगर, गेहूंखेड़ा और अवधपुरी में अवैध चबूतरे हटाए गए। जहांगीराबाद, शब्बन चौराहा और रॉयल मार्केट स्थित भोपाल केयर अस्पताल के सामने बने अस्थाई छप्परों को हटाया गया। वहीं विश्वकर्मा नगर, कोहेफिजा और जुमेराती सहित अन्य क्षेत्रों में आवागमन में बाधक चार पहिया वाहन हटवाए गए। फुटपाथों पर लगी सब्जी, कपड़े और फर्नीचर की दुकानों के साथ ठेले, गुमठियां, काउंटर, टेबल-कुर्सियां भी हटाई गईं।
न्यू मार्केट में विशेष अभियान चलाकर दुकानदारों का निर्धारित सीमा से बाहर रखा सामान अंदर रखवाया गया। सड़कों और फुटपाथों पर कारोबार कर रहे हॉकर्स को टीटी नगर हाट बाजार भेजा गया। निगम अमले ने मुनादी कर दुकानदारों और हॉकर्स को निर्धारित स्थान पर ही व्यवसाय करने की समझाइश भी दी।

