एमेज़ॅन एमएक्स प्लेयर ने आज अपनी आने वाली सीरीज़ कप्तान का ट्रेलर रिलीज़ किया, जिसका प्रीमियर 3 अप्रैल को होने वाला है। ज्वालाबाद के बेहद तनाव भरे माहौल पर बनी इस क्राइम ड्रामा सीरीज़ में एक ऐसी दुनिया को दिखाया गया है, जहाँ अपराध अब संगठित तरीके से काम करने वाले गैंग का रूप ले चुका है। यहाँ सत्ता सिर्फ दहशत फैलाने से नहीं, बल्कि पूरी व्यवस्था को अपने काबू में रखने से मिलती है। इस सीरीज़ में साकिब सलीम मुख्य भूमिका में हैं, जो एसएसपी समरदीप यानी ‘कप्तान’ का किरदार निभा रहे हैं। समरदीप एक ऐसे पुलिस ऑफिसर हैं, जो अपने लीक से हटकर काम करने के तरीकों के लिए जाने जाते हैं। उनके अलावा इस सीरीज़ में सिद्धार्थ निगम, कविता कौशिक, वरुण बडोला, अंजुम शर्मा, आरिफ ज़कारिया, पूजा गौर, विक्रम कोचर और अनुष्का कौशिक भी अहम किरदारों में नज़र आने वाले हैं।

