भागीरथपुरा त्रासदी से लिया सबक : साईं कृपा कॉलोनी में 48 घंटे में दूर हुई दूषित जल की समस्या

इंदौर

:: बजट सत्र खत्म होते ही सीधे रहवासियों के बीच पहुंचे महापौर, पार्षद की सक्रियता से टला बड़ा संकट ::
इंदौर । शहर की भागीरथपुरा बस्ती में प्रदूषित जल से हुई जनहानि की विभीषिका से सबक लेते हुए नगर निगम प्रशासन अब अत्यधिक सतर्क नजर आ रहा है। इंदौर विधानसभा-5 के वार्ड क्रमांक 37 स्थित साईं कृपा कॉलोनी में बोरिंग से आ रहे दूषित पानी की गंभीर समस्या को स्थानीय पार्षद संगीता महेश जोशी के त्वरित हस्तक्षेप से महज 48 घंटे के भीतर सुलझा लिया गया है। पिछले तीन दिनों से कॉलोनी के रहवासी गंदे पानी की आपूर्ति से भयभीत थे और उन्हें किसी अनहोनी की आशंका सता रही थी।
इस संकट का खुलासा तब हुआ जब रहवासी दीपेश गुप्ता ने निजी स्तर पर बोरिंग के पानी की लैब जांच कराई, जिसमें खतरनाक रासायनिक तत्व पाए गए। इस रिपोर्ट को संज्ञान में लेते हुए पार्षद जोशी ने तत्काल जोनल अधिकारी प्रकाश नागर, भूजल विशेषज्ञ सुरेंद्र मोहन शर्मा और तकनीकी टीम के साथ मौके का निरीक्षण किया। युद्ध स्तर पर किए गए प्रयासों के फलस्वरूप मात्र दो दिनों में समस्या का स्थायी निराकरण कर दिया गया।
कार्य की महत्ता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मंगलवार को नगर निगम का बजट सत्र समाप्त होते ही महापौर पुष्यमित्र भार्गव सीधे साईं कृपा कॉलोनी पहुंचे। उन्होंने रहवासियों से मिलकर स्थिति का जायजा लिया और भविष्य में भी ऐसी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इस दौरान पार्षद ने तुलसी नगर जैसी अन्य कॉलोनियों में भी दूषित जल की शिकायतों पर शीघ्र ध्यान देने की मांग रखी। राहत मिलने पर क्षेत्रवासियों ने पार्षद संगीता जोशी का सम्मान कर आभार व्यक्त किया।