मध्यप्रदेश प्रीमियर लीग : ग्वालियर का अभेद्य किला ढहा, चंबल घड़ियालों ने रचा ऐतिहासिक जीत का कीर्तिमान

इंदौर

अंकुश सिंह के विस्फोटक शतक (101) और अमन भदौरिया की नाबाद अर्धशतकीय (60) आतिशबाजी से 258 रनों का पहाड़ हुआ धराशायी ::
इंदौर । होलकर स्टेडियम में गुरुवार को क्रिकेट का ऐसा महासमर देखने को मिला, जिसे इतिहास के पन्नों में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज किया जाएगा। मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग टी-20 (सिंधिया कप) के 19वें मुकाबले में चंबल घड़ियाल ने ग्वालियर चीता द्वारा खड़ा किए गए 257 रनों के विशाल स्कोर को बौना साबित करते हुए 3 विकेट से अविश्वसनीय जीत दर्ज की। प्लेयर ऑफ द मैच रहे अंकुश सिंह ने महज 33 गेंदों में 101 रनों की शतकीय पारी खेलकर ग्वालियर के अभेद्य गेंदबाजी आक्रमण की धज्जियां उड़ा दीं, तो अमन भदौरिया ने 28 गेंदों में नाबाद 60 रनों की मैच जिताऊ फिनिशिंग से टीम को ऐतिहासिक जीत दिलाई।
ग्वालियर चीता ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 257 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था। पारी में कुलदीप गेही ने 42 गेंदों में 4 चौकों और 9 छक्कों की मदद से 88 रनों की सर्वाधिक पारी खेली। इसके साथ ही पार्थ चौधरी ने 38 गेंदों में 73 रन (6 चौके, 6 छक्के) बनाए। कप्तान रजत पाटीदार ने महज 16 गेंदों में 46 रन (2 चौके, 4 छक्के) और मंगेश यादव ने 21 रनों का योगदान दिया। चंबल की ओर से त्रिपरीश सिंह ने 3 और आवेश खान ने 2 विकेट चटकाए।
जवाब में उतरे चंबल घड़ियाल के लिए 258 रनों का लक्ष्य बेहद चुनौतीपूर्ण था, लेकिन अंकुश सिंह ने ग्वालियर के गेंदबाजों को संभलने का मौका तक नहीं दिया। अंकुश ने 6 चौकों और 11 गगनचुंबी छक्कों की बरसात के साथ 101 रनों की तूफानी शतकीय पारी खेलकर जीत की नींव रखी। अंकुश के बाद टीम की कमान अमन भदौरिया ने संभाली, जिन्होंने धैर्य और आक्रामकता का बेहतरीन तालमेल बिठाते हुए नाबाद 60 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली। इस पारी में उन्होंने 3 चौके और 6 छक्के जड़े। मयूर सिंह पटेल ने 16 और अपूर्व द्विवेदी ने 27 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया।
:: 16वें ओवर ने पलटी मैच की बाजी ::
मैच का रोमांच 16वें ओवर में चरम पर था। चंबल घड़ियाल को जीत के लिए अंतिम ओवरों में तेजी से रनों की जरूरत थी। 16वें ओवर में सौम्य पांडे की गेंदों पर चंबल के बल्लेबाजों ने जमकर प्रहार करते हुए 21 रन बटोर लिए। इस ओवर में अमन भदौरिया ने लगातार छक्के जड़कर ग्वालियर चीता के खेमे में खलबली मचा दी, जिससे मैच का रुख पूरी तरह चंबल की ओर मुड़ गया।
17वें से 19वें ओवर के बीच ग्वालियर ने वापसी की कोशिश की और रोहित कुमार गुप्ता (22) का विकेट भी झटका, लेकिन अमन भदौरिया ने धैर्य और आक्रामकता का बेहतरीन तालमेल बिठाया। अमन ने 18वें ओवर में मयूर सिंह पटेल के साथ मिलकर खेल को आगे बढ़ाया और 19.3 ओवर में चौके के साथ टीम को जीत दिलाई। अमन ने नाबाद 60 रन (3 चौके, 6 छक्के) बनाए। मयूर सिंह पटेल 16 रन पर नाबाद रहे। चंबल घड़ियाल ने 7 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर एमपीएल 2026 में रोमांच का नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है।
:: संक्षिप्त स्कोर ::
ग्वालियर चीता : 257/6 (20 ओवर) कुलदीप गेही (88), पार्थ चौधरी (73), रजत पाटीदार (46)। त्रिपरीश सिंह (3/48), आवेश खान (2/65)।
चंबल घड़ियाल : 258/7 (19.3 ओवर) अंकुश सिंह (101), अमन भदौरिया (60*), अपूर्व द्विवेदी (27)। ईशान अफरीदी (2/53), सौम्य पांडे (2/44)।