सैंड आर्टिस्ट सुदर्शन को रूस में मिला ‘ग्रैंड सैंड मास्टर कप’

ताज़ा खबर देश

भुवनेश्वर । ओडिशा के प्रसिद्ध रेत कलाकार पद्मश्री सुदर्शन पटनायक को रूस में आयोजित दूसरे अंतरराष्ट्रीय सैंड स्कल्पचर महोत्सव में प्रतिष्ठित ‘रूस ग्रैंड सैंड मास्टर कप 2026’ से सम्मानित किया गया है। इस उपलब्धि को हासिल करने वाले वे पहले भारतीय कलाकार बन गए हैं।
यह सम्मान उन्हें रेत कला के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान और ग्लोबल वार्मिंग विषय पर बनाई गई प्रभावशाली रेत की मूर्ति के लिए प्रदान किया गया। 11 जून 2026 से शुरू हुए इस अंतरराष्ट्रीय महोत्सव में विभिन्न देशों के कलाकारों ने भाग लिया था।
महोत्सव की विशेष जूरी समिति ने सर्वसम्मति से सैंड आर्टिस्ट सुदर्शन पटनायक के नाम का चयन किया। उनकी कलाकृति ने पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन जैसे वैश्विक मुद्दों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया, जिसकी व्यापक सराहना की गई।
पद्मश्री से सम्मानित सुदर्शन पटनायक इससे पहले भी कई अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं और अपनी रेत कला के माध्यम से सामाजिक, सांस्कृतिक तथा पर्यावरणीय विषयों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करते रहे हैं। उनकी इस उपलब्धि को भारतीय कला जगत के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।