इंदौर-उज्जैन के बीच अब दौड़ेगी विकास की रफ्तार; 2,935 करोड़ के ग्रीनफील्ड कॉरिडोर का भूमिपूजन

ताज़ा खबर देश-विदेश

:: सीएम डॉ. यादव और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने 5,657 करोड़ के विकास कार्यों की दी सौगात; 38 हजार परिवारों का सपना हुआ साकार ::
इंदौर/सांवेर । इंदौर और उज्जैन के बीच धार्मिक और आर्थिक संबंधों को एक नई दिशा देने की कवायद शुक्रवार को उस समय मूर्त रूप ले गई, जब सांवेर के चंद्रावतीगंज में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय शहरी विकास एवं आवास मंत्री मनोहर लाल ने 2,935 करोड़ रुपये की लागत वाले इंदौर-उज्जैन फोरलेन ग्रीनफील्ड कॉरिडोर का भूमिपूजन किया। इस मेगा परियोजना के साथ ही क्षेत्र को कुल 5,657 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात मिली।
:: सिंहस्थ-2028 के लिए मील का पत्थर ::
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कॉरिडोर को नए सूर्योदय की संज्ञा देते हुए कहा कि इंदौर के पितृ पर्वत से उज्जैन के चिंतामन गणेश तक बनने वाला यह 48 किलोमीटर लंबा मार्ग सिंहस्थ-2028 की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि किसानों की सुविधा के लिए सड़क की ऊंचाई को कम रखा गया है, ताकि आवागमन में कोई बाधा न आए। यह कॉरिडोर पीथमपुर और निमाड़ को दिल्ली-मुंबई इकोनॉमिक कॉरिडोर से जोड़कर आर्थिक समृद्धि के नए द्वार खोलेगा।
:: मेट्रोपोलिटन एरिया का विजन ::
मुख्यमंत्री ने इंदौर-उज्जैन मेट्रोपोलिटन सिटी की रूपरेखा स्पष्ट करते हुए कहा कि 16 हजार वर्ग किलोमीटर में फैले इस क्षेत्र में 6 रेलवे जंक्शन, 2 एयरपोर्ट, 4 हवाई पट्टी और 2 राजमार्गों का जाल विकास को गति देगा। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में रिकॉर्ड गेहूं उपार्जन के बाद अब कृषक कल्याण वर्ष 2026 में किसानों को हरसंभव संबल दिया जा रहा है।
:: योजनाओं से बदला जीवन ::
कार्यक्रम के दौरान प्रमुख योजनाओं का क्रियान्वयन भी प्रमुख रहा:
आवास : पीएम आवास योजना के अंतर्गत 42 हजार से अधिक आवासों का भूमिपूजन और 38 हजार परिवारों को गृह-प्रवेश।
व्यापार : स्वनिधि योजना के तहत 20 हजार छोटे व्यापारियों को 51 करोड़ रुपये की सहायता राशि का वितरण।
नगरीय विकास : अमृत 2.0 योजना के तहत 116 परियोजनाओं का लोकार्पण और 36 फायर ब्रिगेड स्टेशनों के लिए आधुनिक उपकरण।
:: नक्सलवाद मुक्त प्रदेश और हेलमेट अभियान ::
मुख्यमंत्री ने दृढ़ता के साथ कहा कि राज्य सरकार ने नक्सल उन्मूलन कर लोकतंत्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता साबित की है। वहीं, सड़क सुरक्षा को सर्वोपरि मानते हुए उन्होंने हेलमेट सुरक्षा अभियान का आगाज किया और कहा कि हेलमेट सड़क हादसों में जीवन रक्षक की भूमिका निभाता है।
:: दूरदर्शी सोच के धनी हैं डॉ. यादव : मनोहर लाल
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव की कार्यशैली की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि डॉ. यादव की दूरदर्शी सोच के चलते मध्य प्रदेश विकास के नए आयाम छू रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार के पिछले 12 वर्षों के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए बताया कि इस दौरान भारत में 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं।
इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, स्थानीय सांसद-विधायक एवं अन्य वरिष्ठ जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।