इंदौर की अंतरराष्ट्रीय घुड़सवार से 1.62 करोड़ की साइबर ठगी की कोशिश नाकाम

इंदौर

:: एशियन गेम्स के लिए चार करोड़ का घोड़ा खरीदने के दौरान ई-मेल स्पूफिंग का शिकार, साइबर सेल ने पूरी राशि वापस दिलाई ::
इंदौर । एशियन गेम्स-2026 की तैयारी कर रहीं इंदौर की अंतरराष्ट्रीय घुड़सवार एवं पोलो खिलाड़ी सुदीप्ति हजेला ई-मेल स्पूफिंग के जरिए 1.62 करोड़ रुपये की साइबर ठगी का शिकार हो गईं। विदेशी कंपनी के नाम से भेजे गए फर्जी ई-मेल पर भरोसा कर उन्होंने न्यूयॉर्क स्थित जेपी मॉर्गन बैंक के एक खाते में रकम ट्रांसफर कर दी। बाद में धोखाधड़ी का पता चलते ही उन्होंने राज्य साइबर सेल से संपर्क किया। साइबर सेल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित खाते पर होल्ड लगवाया और पूरी 1.62 करोड़ रुपये की राशि सुरक्षित वापस दिला दी।
जानकारी के अनुसार सुदीप्ति हजेला जापान में होने वाले एशियन गेम्स-2026 के लिए करीब चार करोड़ रुपये कीमत का बायडन नामक घोड़ा खरीद रही थीं। सौदे के तहत लगभग 45 प्रतिशत राशि का भुगतान किया जा चुका था। इसी दौरान ठगों ने विदेशी कंपनी की ई-मेल आईडी से मिलती-जुलती फर्जी आईडी बनाकर बैंक खाता बदलने का संदेश भेजा। ई-मेल असली प्रतीत होने पर उन्होंने 1.62 करोड़ रुपये नए खाते में ट्रांसफर कर दिए। बाद में कंपनी से पुष्टि करने पर धोखाधड़ी का खुलासा हुआ।
राज्य साइबर सेल की सब-इंस्पेक्टर भारती विश्वकर्मा ने बताया कि शिकायत मिलते ही तकनीकी जांच शुरू कर संबंधित बैंक खाते पर तत्काल होल्ड लगवाया गया, जिससे रकम की निकासी रुक गई। इसके बाद बैंक के साथ समन्वय और कानूनी प्रक्रिया पूरी कर पूरी राशि शिकायतकर्ता के एचडीएफसी बैंक खाते में सुरक्षित वापस करा दी गई।
उन्होंने बताया कि ई-मेल स्पूफिंग में ठग किसी प्रतिष्ठित कंपनी की ई-मेल आईडी जैसी दिखने वाली फर्जी आईडी बनाकर भुगतान संबंधी निर्देश भेजते हैं। ऐसे मामलों में बैंक खाते में बदलाव संबंधी किसी भी ई-मेल पर कार्रवाई करने से पहले संबंधित कंपनी से आधिकारिक माध्यम से पुष्टि अवश्य करनी चाहिए।
साइबर सेल ने लोगों से अपील की है कि किसी भी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। समय पर शिकायत मिलने से बड़ी आर्थिक हानि रोकी जा सकती है।
गौरतलब है कि सुदीप्ति हजेला घुड़सवारी और पोलो की अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हैं। उन्हें पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित कर चुके हैं और वे एशियन गेम्स-2026 की तैयारी में जुटी हैं।