वैकल्पिक व्यवस्था के दिए निर्देश, लगातार बारिश से बिगड़े हालात
बालाघाट जिले में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। नदी-नाले उफान पर हैं और कई ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन बाधित हो गया है। ऐसे हालात में परसवाड़ा विधायक मधु भगत ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और ग्रामीणों को राहत दिलाने के निर्देश दिए।
ले में भारी बारिश के चलते कई क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। बालाघाट जनपद पंचायत क्षेत्र के अंतर्गत बड़ा जागपुर से अगरवाड़ा मार्ग पर स्थित पुलिया 2 जुलाई को टूट जाने से ग्रामीणों की परेशानियां बढ़ गई हैं और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है।
शनिवार को परसवाड़ा क्षेत्र के विधायक मधु भगत बड़ा जागपुर पहुंचे और मौके पर पहुंचकर टूटी हुई पुलिया का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नए पुल के निर्माण से पहले तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसानों, स्कूली छात्रों और आम ग्रामीणों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। निरीक्षण के दौरान नायब तहसीलदार छबि पंत, प्रधानमंत्री मंत्री सडक़ निर्माण विभाग से माया परते, सरपंच सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। इस दौरान विधायक भगत ने ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
विधायक मधु भगत लगातार क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा कर रहे हैं। इससे पहले उन्होंने लामता-प्रतापपुर क्षेत्र में आगजनी की घटना का भी निरीक्षण किया था। इसके बाद उन्होंने मंझारा, टवेझरी, जरेरा सहित अन्य प्रभावित गांवों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं जानीं और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। विपरीत मौसम और लगातार बारिश के बीच विधायक के दौरे से ग्रामीणों को राहत मिली है। समस्याओं के समाधान के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।

