भोपाल । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने धार जिले के पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र में लिउगोंग इंडिया के नए मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का उद्घाटन करते हुए कहा कि पीथमपुर मध्यप्रदेश की औद्योगिक प्रगति का ग्रोथ इंजन बन चुका है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मेक इन एमपी के तहत उद्योगों के लिए मजबूत इको-सिस्टम तैयार कर रही है, जिससे निवेश, रोजगार और निर्यात को नई गति मिल रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि कंपनी ने 272 करोड़ रुपये के अतिरिक्त निवेश से नई उत्पादन इकाई स्थापित की है, जिससे 600 प्रत्यक्ष और लगभग 5,000 अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे। नई इकाई शुरू होने के बाद कंपनी की वार्षिक उत्पादन क्षमता 3,250 से बढ़कर 7,500 मशीनों तक पहुंच जाएगी। साथ ही भारतीय कंपोनेंट्स का उपयोग 40 प्रतिशत से बढ़कर 60 प्रतिशत हो जाएगा, जिससे प्रदेश के एमएसएमई और ऑटो कंपोनेंट उद्योगों को भी मजबूती मिलेगी।
डॉ. यादव ने कहा कि पिछले दो वर्षों में मध्यप्रदेश में लगभग 10 हजार करोड़ रुपये का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश आया है। वर्ष 2026 के पहले छह महीनों में ही 76 हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि पीथमपुर को ग्रीन इंडस्ट्री, इलेक्ट्रिक व्हीकल, एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग और वैश्विक निर्यात के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। कार्यक्रम में कंपनी के ग्लोबल वाइस प्रेसिडेंट ल्यो ग्योबिंग, कंट्री हेड वरुण विजयवर्गीय सहित जनप्रतिनिधि और उद्योग जगत के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

