13 जुलाई से शुरू होगा ‘दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान’, 5.72 लाख पशुपालकों तक पहुंचेगी योजनाओं की जानकारी

मध्य प्रदेश

भोपाल । प्रदेश में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और पशुपालकों को आधुनिक तकनीकों से जोड़ने के उद्देश्य से 13 जुलाई से ‘दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान’ का तीसरा चरण शुरू होगा। पशुपालन एवं डेयरी विभाग के प्रमुख सचिव उमाकांत उमराव ने किसानों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक में कहा कि विभाग की सभी योजनाओं और आधुनिक पशुपालन संबंधी जानकारी प्रत्येक पशुपालक तक पहुंचाई जाएगी।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत विभाग के अधिकारी और कर्मचारी 5 लाख 72 हजार पशुपालकों के घर जाकर नस्ल सुधार, पशु पोषण, टीकाकरण, सेक्स सॉर्टेड सीमेन तथा आधुनिक डेयरी तकनीकों की जानकारी देंगे। विशेष रूप से तीन से चार पशु रखने वाले पशुपालकों को प्राथमिकता दी जाएगी।
बैठक में प्रमुख सचिव ने जनप्रतिनिधियों से भी अभियान में सक्रिय सहभागिता का आग्रह किया। उन्होंने क्षीरधारा योजना सहित विभाग की अन्य योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य मध्यप्रदेश को देश की ‘मिल्क कैपिटल’ के रूप में स्थापित करना है। बैठक में विभागीय अधिकारियों, सांची बोर्ड, कुक्कुट विकास निगम, नानाजी देशमुख वेटरनरी विश्वविद्यालय तथा गौ-संवर्धन बोर्ड के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।