खाद्य सुरक्षा प्रशासन की कार्रवाई; पेस्ट कंट्रोल, पेयजल जांच और भंडारण व्यवस्था में मिली कमियां, किराना दुकान के गोदाम में रखी 288 एक्सपायरी पेय पदार्थ की बोतलें नष्ट कराईं ::
इंदौर । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के निर्देश तथा कलेक्टर शिवम वर्मा के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने बुधवार को खंडवा रोड स्थित एसडीपीएस इंटरनेशनल स्कूल का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान स्कूल के किचन और भंडार कक्ष में कई कमियां सामने आईं। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने गिलकी की सब्जी, पोहा, मिक्स्ड फ्रूट जैम, मिर्च पाउडर, नमक और घी सहित छह खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण में किचन की पेस्ट कंट्रोल व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली। पेयजल की जांच रिपोर्ट भी उपलब्ध नहीं कराई गई। इसके अलावा किचन में जंग लगे चाकू और चॉपिंग बोर्ड उपयोग में पाए गए, जिन्हें तत्काल हटवाया गया। खाद्य सामग्री के भंडारण में फर्स्ट इन-फर्स्ट आउट (एफआईएफओ) प्रणाली का भी पालन नहीं किया जा रहा था। अधिकारियों ने विद्यालय प्रबंधन को सभी कमियां शीघ्र दूर करने तथा खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता संबंधी मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।
:: शिकायत पर किराना दुकान की जांच, एक्सपायरी उत्पाद नष्ट ::
इसी अभियान के तहत शिकायतकर्ता प्रतीक जड़िया की शिकायत पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने एक किराना दुकान का भी निरीक्षण किया। शिकायत पेपर बोट स्विग गोवा (200 मिली.) पेय पदार्थ की एक्सपायरी तिथि समाप्त होने संबंधी थी। जांच में बिक्री के लिए कोई एक्सपायरी खाद्य सामग्री नहीं मिली, लेकिन गोदाम में नष्ट किए जाने के लिए अलग रखी गई पेय पदार्थ की 12 पेटियां (प्रत्येक में 24 बोतल) मिलीं। खाद्य सुरक्षा अधिकारी की मौजूदगी में सभी 288 बोतलों का विधिवत विनष्टीकरण कराया गया। शिकायतकर्ता को कार्रवाई की जानकारी दी गई, जिस पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया।
:: शिकायत मिलने पर होगी त्वरित कार्रवाई ::
कलेक्टर शिवम वर्मा ने नागरिकों से अपील की है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता या एक्सपायरी तिथि से संबंधित किसी भी शिकायत की जानकारी खाद्य सुरक्षा प्रशासन अथवा कलेक्टर हेल्पलाइन पर दें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायत की त्वरित जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

