भोपाल । टीटी नगर स्थित दशहरा मैदान में 34वें भोपाल उत्सव मेले की तैयारियों का विधिवत आगाज हो गया। मेले का भूमि-पूजन वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ किया गया। भोपाल उत्सव मेला समिति के अध्यक्ष मनमोहन अग्रवाल ने भूमि-पूजन कर मेले के सफल, निर्विघ्न और शांतिपूर्ण आयोजन की कामना की। विद्वान पुरोहित पंडित पुरुषोत्तम शास्त्री के मार्गदर्शन में पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान गेती से गड्ढा खोदकर बल्ली गाड़ी गई। भूमि-पूजन के साथ ही मेला परिसर में निर्माण और अन्य तैयारियों को गति मिलेगी।
कार्यक्रम में भोपाल सांसद आलोक शर्मा, राज्य मंत्री कृष्णा गौर, विधायक भगवानदास सबनानी, महापौर मालती राय और पार्षद आरती अनेजा मौजूद रहीं।
इस अवसर पर समिति के महामंत्री सुनील जैनाविन, अजय सोगानी, अनुपम अग्रवाल, शैलेन्द्र निगम, ओमप्रकाश खुराना, वीरेंद्र जैन श्रीजी, नारायण सिंह कुशवाहा, डॉ. योगेंद्र मुखरैया, डॉ. महेश गुप्ता, प्रदीप अग्रवाल (गोल्डन), श्याम मंगल, सोनू भाभा, राजकुमार जौहरी, कमल जैन श्वेता, प्रह्लाद दास अग्रवाल, राजेश जैन, संजय मेढ़तिया, चंद्रशेखर सोनी, विजय अग्रवाल, मजेन्द कपूर,परमजीत सिंह बेदी,विनोद चौधरी, राजू अनेजा और संदीप सिंह सूरी, सागर सूरी सहित अनेक गणमान्य नागरिक, समाजसेवी तथा सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
समिति के महामंत्री सुनील जैनाविन ने बताया कि भोपाल उत्सव मेले में भूमि-पूजन की परंपरा के बाद तैयारियों और निर्माण कार्यों को गति दी जाती है। मेला पिछले 33 वर्षों से निरंतर आयोजित हो रहा है और इस बार भी लोगों को मनोरंजन, खरीदारी और सांस्कृतिक गतिविधियों का आकर्षक संगम देखने को मिलेगा।
मेले में हस्तशिल्प, घरेलू सामान, इलेक्ट्रॉनिक्स, फर्नीचर और दैनिक उपयोग की वस्तुओं के साथ लजीज व्यंजनों के फूड स्टॉल लगाए जाएंगे। करीब 500 से 600 प्रतिष्ठानों के स्टॉल पर विभिन्न उत्पादों का प्रदर्शन और बिक्री होगी। बच्चों और युवाओं के लिए सुनामी, रेंजर, डबल डिस्क और मेरी-गो-राउंड जैसे रोमांचक झूले आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
मेले में प्रतिदिन स्थानीय और राष्ट्रीय स्तर के सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही साप्ताहिक लकी ड्रॉ, चारों प्रवेश द्वारों पर भव्य स्वागत द्वार, आकर्षक मंच और पारंपरिक सेल्फी जोन तैयार किए जाएंगे। आगंतुकों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मेला परिसर में आपातकालीन स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ हेल्थ चेकअप की व्यवस्था भी रहेगी।

