भोपाल । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पीथमपुर मध्यप्रदेश की औद्योगिक शक्ति का महत्वपूर्ण केंद्र बन चुका है और यहां स्थापित उद्योग प्रदेश के आर्थिक विकास, निवेश और रोजगार को नई गति दे रहे हैं। वे धार जिले के पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र में किसान इरिगेशन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड की चौथी विनिर्माण इकाई के लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार कर रही है, जिससे युवाओं को रोजगार और किसानों को आधुनिक तकनीक का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि ड्रिप, स्प्रिंकलर और आधुनिक पाइप आधारित सिंचाई प्रणाली जल संरक्षण और कृषि उत्पादकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। नई इकाई से कृषि एवं जल प्रबंधन क्षेत्र को अत्याधुनिक उत्पाद उपलब्ध होंगे।
लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री ने फैक्ट्री परिसर का निरीक्षण किया और पाइप निर्माण में उपयोग की जा रही आधुनिक मशीनों की जानकारी ली। उन्होंने कंपनी द्वारा कृषि, सिंचाई और जल प्रबंधन के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
कंपनी के प्रबंध निदेशक कुणाल अग्रवाल ने बताया कि लगभग 40 वर्ष पुरानी कंपनी की देश में पांच इकाइयां संचालित हैं, जिनमें चार पीथमपुर में स्थित हैं। नई इकाई में एचडीपीई और डीडब्ल्यूसी पाइप्स का निर्माण होगा, जिससे कृषि, सिंचाई और इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र को बेहतर उत्पाद उपलब्ध होंगे। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों तथा कंपनी के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

