राजकुमार राव अभिनीत ‘दादा – द सौरव गांगुली स्टोरी’ का फर्स्ट लुक पोस्टर आज, सौरव गांगुली के जन्मदिन के अवसर पर जारी किया गया है, जिसने दुनिया भर में मौजूद करोड़ों प्रशंसकों के लिए इस दिन को और भी खास बना दिया है। फर्स्ट लुक के साथ ही, निर्माताओं ने यह भी घोषणा की कि यह फिल्म 14 मई 2027 को एक विस्तारित हॉलिडे वीकेंड के दौरान सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।फिल्म के फर्स्ट लुक पोस्टर में राजकुमार राव को सौरव गांगुली के उस ऐतिहासिक पल को दोबारा जीते हुए दिखाया गया है, जब उन्होंने साल 2002 में इंग्लैंड के खिलाफ नेटवेस्ट ट्रॉफी जीतने के बाद लॉर्ड्स की बालकनी में अपनी जर्सी लहराई थी। यह पल भारतीय क्रिकेट के सबसे यादगार लम्हों में से एक माना जाता है। गांगुली की कप्तानी में भारतीय क्रिकेट के नए और बेखौफ दौर की शुरुआत का यह प्रतीक बन गया था और आज भी आत्मविश्वास, जुनून और जज्बे की मिसाल माना जाता है।’दादा – द सौरव गांगुली स्टोरी’ उस शख्स की प्रेरणादायक कहानी है, जिसने सिर्फ क्रिकेट खेला ही नहीं, बल्कि भारतीय क्रिकेट की तस्वीर भी बदल दी।

