हरित मध्यप्रदेश के निर्माण के लिए जनभागीदारी जरूरी : राज्यमंत्री पंवार

इंदौर

भोपाल । मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नारायण सिंह पंवार ने कहा कि भावी पीढ़ी को स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण देने के लिए हरित मध्यप्रदेश का निर्माण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि प्रकृति संरक्षण केवल सरकार का नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। हर व्यक्ति को कम से कम एक पौधे को वृक्ष बनने तक संरक्षित करने का संकल्प लेना चाहिए।
राज्यमंत्री श्री पंवार ने नरसिंहगढ़ में हरियाली महोत्सव के अंतर्गत नवीन अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं तहसीलदार कार्यालय के संयुक्त परिसर में आयोजित पौध-रोपण कार्यक्रम में भाग लेकर पौधे लगाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रहा एक पेड़ माँ के नाम अभियान पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप दे रहा है। वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में हरियाली महोत्सव, व्यापक वृक्षारोपण और जल संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए हरित भविष्य की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
राज्यमंत्री ने कहा कि वृक्ष जीवनदायिनी ऑक्सीजन के साथ जैव विविधता, मृदा संरक्षण और पर्यावरण संतुलन के आधार हैं। विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाए रखना वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
इस अवसर पर राज्यमंत्री श्री पंवार एवं विधायक मोहन शर्मा ने नवनिर्मित संयुक्त शासकीय कार्यालय परिसर का अवलोकन कर नागरिक सुविधाओं और विभागीय व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि एक ही परिसर में विभिन्न शासकीय कार्यालय संचालित होने से आमजन को बेहतर और त्वरित सेवाएं मिलेंगी। अधिकारियों को जनसमस्याओं का संवेदनशीलता के साथ शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने तथा शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए।