डॉ मुखर्जी पर आने वाली फिल्म ‘श्याम’ की कथानक 

मनोरंजन

     इसी माह 6 जुलाई को भारत के महान देशभक्त और शिक्षाविद श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जन्मदिन विभिन्न शहरों में मनाया गया था। इसी अवसर पर उन पर बनने वाली फिल्म के संबंध में कुछ तथ्य सामने आए थे। उन पर बनने वाली फिल्म का नाम ‘श्याम’ होगा। इस फिल्म के निर्माता निर्देशक सुचंद्र वानिया और चंद्रोदय पाल होंगे और फिल्म की स्क्रिप्ट लिखी जा चुकी है। इस फिल्म में मुख्य रूप से भारतीय इतिहास में 1945 से 1953 तक की उथल-पुथल भरी सारी घटनाओं का जिक्र किया जाएगा और स्वतंत्रता संग्राम में श्यामा प्रसाद मुखर्जी के योगदानों के साथ उनकी शिक्षा, गांधीजी से मतभेद और देश के बंटवारे पर उनकी प्रबल आपत्ति और विरोध को प्रकाशित किया जाएगा। इस फिल्म में आजादी की लड़ाई और देश विभाजन के संदर्भ में श्यामा प्रसाद मुखर्जी के पिता सर आशुतोष मुखर्जी, नेताजी सुभाष चन्द्र बोस, शरत चंद्र बोस और रवींद्रनाथ टैगोर की भूमिकाओं पर भी विशेष रूप से प्रकाश डाला जाएगा। मात्र 33 साल की उम्र में कलकत्ता विश्वविद्यालय के कुलपति का पद संभालना, युवाओं और विद्यार्थियों को देशभक्ति के लिए प्रेरित करना, ऐसे तथ्यों और घटनाक्रमों को लेकर ही फिल्म ‘श्याम’ की कथानक लिखी गई है। इस फिल्म में 1951 में जनसंघ की स्थापना, देश की एकता और सनातन हिंदू धर्म की सुरक्षा के मद्देनजर श्यामा प्रसाद मुखर्जी की दूरदर्शी परिकल्पनाओं को भी दर्शाया जाएगा।