फीस के 48 हजार साइबर ठगों ने उड़ाए, बीटेक छात्र की पढ़ाई पर संकट

इंदौर

ओवरटाइम कर जुटाई थी रकम, कुछ मिनटों में अमेज़न पे से खाली हुआ खाता ::
इंदौर । बीटेक की फीस जमा करने के लिए महीनों मेहनत कर जुटाए 48 हजार रुपये साइबर ठगों ने कुछ ही मिनटों में खाते से निकाल लिए। अशोकनगर निवासी केशव सेन, जो इंदौर में निजी कंपनी में हेल्पर के रूप में काम करते हैं, की जमा-पूंजी साइबर ठगी का शिकार हो गई। अब फीस जमा नहीं होने से उनकी पढ़ाई पर संकट खड़ा हो गया है।
आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आने वाले केशव उच्च शिक्षा का सपना पूरा करने के लिए नौकरी के साथ ओवरटाइम कर रहे थे। कई महीनों की बचत के बाद उन्होंने बीटेक की फीस के लिए रकम जुटाई थी। यह राशि उनके लिए केवल पैसा नहीं, बल्कि बेहतर भविष्य की उम्मीद थी।
केशव के अनुसार, अचानक उनके मोबाइल पर बैंक खाते से लगातार लेन-देन के संदेश आने लगे। जब तक वे कुछ समझ पाते, तब तक अमेज़न पे के माध्यम से कई ट्रांजेक्शन हो चुके थे और खाते में जमा पूरी 48 हजार रुपये की राशि निकल चुकी थी।
घटना की जानकारी मिलते ही केशव ने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत की। उनका आरोप है कि तत्काल कार्रवाई नहीं हो सकी। इसके बाद वे इंदौर क्राइम ब्रांच पहुंचे, जहां उनका कहना है कि उन्हें तीन दिन बाद आने के लिए कहा गया।
केशव का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई होती तो उनकी मेहनत की कमाई वापस मिलने की संभावना बन सकती थी। अब फीस जमा नहीं होने से उनकी पढ़ाई प्रभावित होने का खतरा बना हुआ है।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। साइबर टीम ऑनलाइन लेन-देन, खाते से निकाली गई राशि और ठगी में शामिल लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है। यह मामला साइबर अपराधों में त्वरित शिकायत और समय पर कार्रवाई की अहमियत को एक बार फिर सामने लाता है।