नशे के खिलाफ इंदौर पुलिस का अभियान, शहर में दौड़ेंगे जागरूकता रथ

इंदौर

एलईडी स्क्रीन से देंगे नशामुक्ति का संदेश, 15 दिन तक चलेगा जन-जागरूकता अभियान ::
इंदौर । युवाओं और आमजन को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराने के लिए इंदौर पुलिस ने जन-जागरूकता अभियान शुरू किया है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चल रहे “नशे से दूरी है जरूरी-2.0” अभियान के तहत पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर संतोष कुमार सिंह ने गुरुवार को दो जागरूकता रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
ये रथ अगले 15 दिनों तक शहर के विभिन्न मार्गों, चौराहों और प्रमुख क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश देंगे। रथों में लगी एलईडी स्क्रीन के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों पर आधारित लघु फिल्में, वीडियो संदेश और जागरूकता सामग्री प्रदर्शित की जाएगी।
पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में चल रहे इस अभियान का उद्देश्य युवाओं को ड्रग्स की लत से बचाना और स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए लोगों को जागरूक करना है।
रथ रवाना करने के अवसर पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त आरके सिंह, पुलिस उपायुक्त (जोन-2/मुख्यालय) अमन सिंह राठौड़, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त क्राइम राजेश दंडोतिया सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, प्रशिक्षु चिकित्सक, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और नागरिक उपस्थित रहे।
इंदौर पुलिस ने बताया कि अभियान के दौरान विभिन्न जन-जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से समाज के हर वर्ग तक नशे के विरुद्ध संदेश पहुंचाया जाएगा।