इंदौर में गणतंत्र दिवस की तैयारियां तेज, नेहरू स्टेडियम में होगा मुख्य समारोह

इंदौर

:: कलेक्टर शिवम वर्मा ने की समीक्षा बैठक; 13 से अधिक विभाग निकालेंगे नयनाभिराम झांकियां ::
इन्दौर । इंदौर में आगामी 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस का राष्ट्रीय पर्व पूर्ण उत्साह और गरिमा के साथ मनाया जाएगा। मुख्य समारोह नेहरू स्टेडियम में आयोजित होगा, जिसकी व्यापक तैयारियां प्रशासन ने प्रारंभ कर दी हैं। समारोह की रूपरेखा को अंतिम रूप देने के लिए कलेक्टर शिवम वर्मा की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट में महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी तैयारियां राष्ट्रीय पर्व की गरिमा के अनुरूप निर्धारित समय-सीमा में पूरी की जाएं। उन्होंने आयोजन के लिए विभागवार दायित्व सौंपते हुए अधिकारियों को सतर्क किया कि किसी भी स्तर पर त्रुटि की गुंजाइश न रहे। बैठक में एमपीआईडीसी के सीईओ हिमांशु प्रजापति सहित अपर कलेक्टर विजय नवजीवन पंवार, निशा डामोर, रोशन राय और रिंकेश वैश्य उपस्थित थे।
समारोह के मुख्य आकर्षण के रूप में विभिन्न प्लाटूनों द्वारा भव्य परेड प्रस्तुत की जाएगी। राज्य शासन की योजनाओं और उपलब्धियों पर आधारित 13 से अधिक नयनाभिराम झांकियां निकाली जाएंगी। इनमें खजराना गणेश मंदिर, जिला पंचायत, नगर निगम, इंदौर विकास प्राधिकरण, जेल, वन, महिला बाल विकास, स्वास्थ्य, कृषि और शिक्षा जैसे प्रमुख विभागों की झांकियां शामिल होंगी। समारोह स्थल पर आकर्षक साज-सज्जा भी की जाएगी।
मुख्य समारोह के दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान किया जाएगा। साथ ही, वर्ष भर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। स्कूली बच्चों द्वारा देशप्रेम से ओत-प्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। स्टेडियम में दर्शकों के बैठने, सुरक्षा और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश भी संबंधित विभागों को दिए गए हैं।