धार का पीएम मित्र पार्क निवेश का नया केंद्र, 90% भूखंड आवंटित : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मध्य प्रदेश

भोपाल । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि धार जिले में विकसित हो रहा पीएम मित्र पार्क देश का सबसे बड़ा गारमेंट सेक्टर पार्क बनकर उभर रहा है। नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित भारत टेक्स-2026 के दौरान मीडिया से चर्चा में उन्होंने बताया कि पार्क के 90 प्रतिशत भूखंड आवंटित हो चुके हैं, जो प्रदेश की औद्योगिक नीति और निवेश-अनुकूल वातावरण का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 17 सितंबर 2025 को इस परियोजना की शुरुआत के बाद मध्यप्रदेश ने तेजी से कार्य करते हुए इसे उद्योग जगत का प्रमुख आकर्षण बना दिया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि भारत टेक्स-2026 में मध्यप्रदेश को टेक्सटाइल एवं गारमेंट क्षेत्र में 1,592 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनसे लगभग 15,700 रोजगार सृजित होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि राज्य में कपास उत्पादन से लेकर धागा, वस्त्र और गारमेंट निर्माण तक पूरी वैल्यू चेन उपलब्ध है, जिससे मध्यप्रदेश देश के अग्रणी टेक्सटाइल हब के रूप में स्थापित हो रहा है।
डॉ. यादव ने बताया कि प्रदेश जैविक कपास उत्पादन में देश में अग्रणी है और यहां फार्म टू फैशन मॉडल को विकसित किया जा रहा है। मध्यप्रदेश से टेक्सटाइल एवं गारमेंट क्षेत्र में 11,750 करोड़ रुपये का निर्यात हो रहा है, जबकि राज्य के उत्पाद अमेरिका, जापान, जर्मनी, इटली, बांग्लादेश, ऑस्ट्रेलिया और अन्य देशों तक पहुंच रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में 43 हजार से अधिक एमएसएमई इकाइयां संचालित हैं और टेक्सटाइल क्षेत्र में 2,400 करोड़ रुपये के निवेश से तीन लाख से अधिक लोगों को रोजगार मिल रहा है। धार के पीएम मित्र पार्क में 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक निवेश और 30 बड़ी कंपनियों की भागीदारी से क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी तथा कपास उत्पादक किसानों को भी सीधा लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार उद्योगों को भूमि, बिजली, सब्सिडी और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराकर निवेश को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में मध्यप्रदेश निवेश के नए रिकॉर्ड स्थापित करेगा और औद्योगिक विकास की नई इबारत लिखेगा।