:: जनसुनवाई में 325 आवेदक पहुंचे, इलाज, शिक्षा और रोजगार के आवेदनों पर प्राथमिकता से कार्रवाई; कुछ को मौके पर मिली राहत ::
इंदौर । कैंसर से पीड़ित 61 वर्षीय बुजुर्ग महिला अपने पति के साथ मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में पहुंचीं। शासकीय अस्पताल में उनका उपचार चल रहा है। आर्थिक सहायता के लिए दिए गए आवेदन पर कलेक्टर शिवम वर्मा ने संबंधित अधिकारियों को महिला को आयुष्मान भारत योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। इस पर महिला ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और कलेक्टर के प्रति आभार जताया।
जनसुनवाई में कुल 325 आवेदकों ने अपनी समस्याएं और मांगें रखीं। कलेक्टर ने उनकी शिकायतें गंभीरता से सुनकर संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। राजस्व, पुलिस, आर्थिक सहायता, रोजगार, अतिक्रमण, पेंशन, शिक्षा और स्वास्थ्य सहित विभिन्न विभागों से जुड़े आवेदन आए। जिन मामलों में तत्काल सहायता की जरूरत थी, उनमें मौके पर ही कार्रवाई कर आवेदकों को राहत दी गई। शेष आवेदनों को संबंधित विभागों को भेजकर निराकरण की प्रक्रिया शुरू की गई।
:: पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने पर जोर ::
मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप जनसुनवाई में शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े मामलों को प्राथमिकता दी गई। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि जरूरतमंदों को उपचार और शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता शीघ्र उपलब्ध कराई जाए। पात्र हितग्राहियों को स्वनिधि और मुद्रा योजना सहित रोजगारमूलक योजनाओं से जोड़कर स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराएं। योजनाओं का लाभ दिलाने में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।
:: चर्मरोग पीड़ित को ऋण के लिए कार्रवाई के निर्देश ::
जनसुनवाई में चर्मरोग से पीड़ित एक अन्य आवेदक ने भी सहायता मांगी। कलेक्टर ने संबंधित विभाग के अधिकारी को शासन की योजना के तहत ऋण उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने जरूरतमंद आवेदकों के मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने और प्रत्येक आवेदन का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।
जनसुनवाई में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हिमांशु प्रजापति, अपर कलेक्टर रिंकेश वैश्य और नगर निगम के अपर आयुक्त श्रृंगार श्रीवास्तव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

