:: अभय प्रशाल में हुई स्पर्धा में इंदौर के खिलाड़ियों का दबदबा ::
इंदौर । मध्यप्रदेश टेबल टेनिस संगठन के तत्वावधान में आयोजित यूटीटी प्रथम राज्य रैंकिंग टेबल टेनिस स्पर्धा में भोपाल के सौम्यदीप सरकार ने पुरुष एकल का खिताब अपने नाम किया, जबकि इंदौर की अद्विका अग्रवाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला एकल सहित तीन वर्गों में खिताबी सफलता हासिल की।
अभय प्रशाल में खेले गए पुरुष एकल के फाइनल मुकाबले में सौम्यदीप सरकार ने भोपाल के शुभम सोलंकी को 4-1 से पराजित कर खिताब जीता। सेमीफाइनल में सौम्यदीप ने इंदौर के पंकज विश्वकर्मा को और शुभम ने इंदौर के प्रथम बाथम को 4-1 से हराया था।
महिला एकल फाइनल में अद्विका अग्रवाल ने इंदौर की आराध्या राजपूत को 4-1 से शिकस्त देकर खिताब अपने नाम किया। इससे पहले सेमीफाइनल में अद्विका ने भोपाल की मोमिता पाल को 4-3 और आराध्या ने भव्या राव को 4-3 से हराया था।
अद्विका ने अंडर-19 और अंडर-17 बालिका वर्ग में भी खिताबी जीत दर्ज कर स्पर्धा में तिहरी सफलता हासिल की। अंडर-19 बालिका फाइनल में उन्होंने भव्या राव को 3-1 से हराया, जबकि अंडर-17 के फाइनल में आराध्या राजपूत को 3-0 से पराजित किया।
अंडर-19 बालक वर्ग में इंदौर के अबु बकर ने मृदुल जोशी को 3-1 से हराकर खिताब जीता। अंडर-17 बालक वर्ग में वंश चौहान ने मृदुल जोशी को 3-2 से मात दी। वहीं अंडर-15 बालक वर्ग का खिताब भी वंश चौहान ने जीता, उन्होंने शौर्य भांग्या को 3-1 से हराया।
अंडर-15 बालिका वर्ग में ग्वालियर की नव्या चतुर्वेदी ने इंदौर की अनिका माहेश्वरी को 3-1 से पराजित कर खिताब हासिल किया। अंडर-13 वर्ग में आरव कासठ और सानवी सिंघल विजेता रहे। अंडर-11 वर्ग में कियान इंगले और अनिका माहेश्वरी ने खिताब जीते।
स्पर्धा का पुरस्कार वितरण मध्यप्रदेश ओलिंपिक संघ के उपाध्यक्ष ओम सोनी के मुख्य आतिथ्य में हुआ। इस अवसर पर मध्यप्रदेश टेबल टेनिस संगठन के जयेश आचार्य, प्रमोद सोनी, रिंकु आचार्य, नीलेश वेद और गौरव पटेल उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन नीलेश परदेसी ने किया, जबकि आभार योगेंद्र सिंह चौहान ने माना।

