उर्मिला सैनी हत्याकांड : परिजनों ने मांगी एसआईटी जांच

मध्य प्रदेश

:: सांसद लालवानी बोले- मुख्यमंत्री से करेंगे चर्चा, पुलिस कमिश्नर से भी की बात ::
इंदौर । पोस्टल विभाग में कार्यरत उर्मिला सैनी की हत्या के मामले में आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से परिजनों और समाजजनों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। शनिवार को बड़ी संख्या में पोस्टल कर्मचारी और समाज के लोग सांसद शंकर लालवानी से मिले और मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित करने की मांग की।
परिजनों ने सांसद से कहा कि घटना के कई दिन बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है, जिससे परिवार में भय का माहौल है। मृतका की नाबालिग बेटी ने सांसद के समक्ष अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा कि परिवार के सदस्य मानसिक तनाव में हैं और उन्हें सुरक्षा की चिंता भी सता रही है।
सांसद लालवानी ने मौके पर ही पुलिस कमिश्नर से फोन पर चर्चा की और परिजनों की बात कराई। उन्होंने कहा कि वे इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री से भी चर्चा करेंगे और आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह करेंगे।
पुलिस कमिश्नर ने सांसद और परिजनों को बताया कि मामले में अलग-अलग टीमें जांच में जुटी हैं और आरोपी की तलाश की जा रही है। उन्होंने घटना को गंभीर बताते हुए जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया।
परिजनों ने सांसद के सामने सवाल उठाया कि महिलाओं के खिलाफ गंभीर अपराधों में त्वरित कार्रवाई और विशेष जांच की व्यवस्था की जाती है, ऐसे में उर्मिला सैनी हत्याकांड में भी तेजी से कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने मांग की कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी गठित कर जांच कराई जाए।
सांसद लालवानी ने परिजनों को आश्वस्त किया कि वे शासन स्तर पर इस मामले को उठाएंगे और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।