629 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं में हुईं देरी, 103 ठेकेदारों पर हुई कार्रवाई

देश

-संसद में सरकार ने दी जानकारी, 6,358 ब्लैक कॉरिडोर चिन्हित, 77 लाख से अधिक फास्टेग वार्षिक पास जारी
नई दिल्ली । देशभर में चल रही राष्ट्रीय राजमार्ग एवं एक्सप्रेसवे परियोजनाओं में बड़ी संख्या में देरी सामने आई है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने संसद में बताया कि वर्तमान में देश में 1,191 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं पर कार्य जारी है, जिनमें से 629 परियोजनाएं निर्धारित समयसीमा से पीछे चल रही हैं। हालांकि, उन्होंने परियोजनाओं में देरी के कारणों का उल्लेख नहीं किया।
राज्यसभा में दिए गए एक अन्य लिखित उत्तर में गडकरी ने बताया कि वर्ष 2023-24 से 2025-26 के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण में खराब गुणवत्ता पाए जाने पर 103 ठेकेदारों और कन्सेशनेयरों को ब्लैकलिस्ट किया गया अथवा उन पर जुर्माना लगाया गया। मंत्री ने बताया कि सरकार ने लगभग 52,647 किलोमीटर लंबे चार लेन एवं उससे अधिक क्षमता वाले राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेसवे पर चरणबद्ध तरीके से एडवांस्ड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (एटीएमएस) लागू करने की योजना बनाई है। इसके तहत केंद्रीकृत निगरानी, ट्रैफिक विश्लेषण, घटना प्रबंधन तथा स्थानीय, क्षेत्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर कमांड एवं कंट्रोल सेंटर स्थापित किए जा रहे हैं। साथ ही एकीकृत एटीएमएस सॉफ्टवेयर प्लेटफॉर्म भी विकसित किया जा रहा है, जिससे निगरानी, डेटा एकीकरण और प्रदर्शन प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
देशभर में 6358 ब्लैक कॉरिडोर चिंहित
सड़क सुरक्षा के संबंध में गडकरी ने बताया कि वर्ष 2023 से 2025 के बीच इलेक्ट्रॉनिक डिटेल्ड एक्सीडेंट रिपोर्ट के आधार पर देशभर में 6,358 ब्लैक कॉरिडोर की पहचान की गई है। वहीं, फास्टेग आधारित वार्षिक पास योजना को भी व्यापक सफलता मिली है। उन्होंने बताया कि जून 2026 तक 77 लाख से अधिक वार्षिक पास जारी किए जा चुके हैं, जिनके माध्यम से राष्ट्रीय राजमार्गों के टोल प्लाजा पर 63 करोड़ से अधिक लेनदेन दर्ज किए गए हैं।