बहुचर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड – सोनम रघुवंशी की जमानत रद्द, तीन हफ्ते में सरेंडर करने का आदेश

इंदौर

इन्दौर बहुचर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड की मुख्य आरोपी और मृतक राजा रघुवंशी की पत्नी सोनम रघुवंशी की जमानत को सुप्रीम कोर्ट ने रद्द कर दिया है। सुप्रीम कोर्ट ने चर्चित हनीमून मर्डर केस की मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी को तीन सप्ताह के भीतर सरेंडर (आत्मसमर्पण) करने का आदेश दिया है और पुलिस/ट्रायल कोर्ट को 6 महीने के भीतर इस मामले का ट्रायल (मुकदमा) पूरा करने का निर्देश दिया है।
जस्टिस एम. एम. सुंदरेश और जस्टिस पी. बी. वराले की पीठ ने मेघालय हाई कोर्ट के फैसले को पलटते हुए आरोपी को तीन हफ्ते के भीतर कानून के समक्ष आत्मसमर्पण (सरेंडर) करने का सख्त निर्देश दिया है। इसके साथ ही अदालत ने पुलिस और निचली अदालत को अगले छह महीनों के भीतर इस संवेदनशील मामले का ट्रायल (मुकदमा) पूरा करने का आदेश भी जारी किया है।
सुप्रीम कोर्ट ने मेघालय सरकार द्वारा दायर की गई विशेष अनुमति याचिका (SLP) पर सुनवाई करते हुए यह अहम फैसला सुनाया। इससे पहले मेघालय हाई कोर्ट ने पुलिस की चार्जशीट और गिरफ्तारी मेमो में हुई कुछ तकनीकी और लिपिकीय त्रुटियों (Clerical Errors) को आधार बनाकर सोनम रघुवंशी को नियमित जमानत दे दी थी।
शीर्ष अदालत ने हाई कोर्ट के रुख को पूरी तरह खारिज करते हुए स्पष्ट किया कि इतने गंभीर और जघन्य अपराध के मामले में केवल कागजी या टाइपिंग की गलतियों का फायदा उठाकर आरोपी को जेल से बाहर रहने की अनुमति नहीं दी जा सकती। कोर्ट ने माना कि आरोपी के बाहर रहने से गवाहों और सबूतों को प्रभावित किया जा सकता है। हालांकि, अदालत ने राहत देते हुए यह भी जोड़ा कि यदि पुलिस छह महीने के भीतर ट्रायल पूरा नहीं कर पाती है, तो आरोपी महिला दोबारा जमानत के लिए आवेदन कर सकेगी।
क्या है पूरा मामला ? –
इंदौर के रहने वाले ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या से जुड़ा है यह संस्था मामला। राजा और सोनम की शादी मई 2025 में हुई थी, जिसके बाद वे हनीमून मनाने मेघालय के चेरापूंजी (सोहरा) गए थे। वहां से राजा अचानक लापता हो गए और बाद में 2 जून 2025 को उनकी क्षत-विक्षत लाश एक गहरी खाई से बरामद की गई थी।
मेघालय पुलिस की जांच में खुलासा हुआ कि पत्नी सोनम ने अपने कथित प्रेमी राज कुशवाहा और अन्य साथियों के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी। इस वारदात को अंजाम देने के लिए भाड़े के हत्यारों (कॉन्टैक्ट किलर्स) की मदद ली गई थी। पुलिस अब तक इस हाई-प्रोफाइल मामले में मुख्य साजिशकर्ता सोनम और उसके प्रेमी समेत कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। सुप्रीम कोर्ट के इस नए आदेश के बाद अब मुख्य आरोपी को दोबारा जेल की सलाखों के पीछे जाना होगा।