नशे से दूरी है जरूरी 2.0 (Say No to Drugs) अभियान के तहत महिला वॉकाथॉन का आयोजन किया

इंदौर

इन्दौर | पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में शहर को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से इंदौर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे नशे से दूरी है जरूरी 2.0 (Say No to Drugs) अभियान के तहत आज सुबह एक महिला वॉकाथॉन का आयोजन किया गया जिसमें शहर की 3000 से अधिक महिलाओं ने एकजुट होकर नशे के खिलाफ जनजागरण का संदेश दिया। पुलिस कमिश्नर ने सभी महिलाओं को नशामुक्त समाज के निर्माण की शपथ दिलाई और उनसे अपने परिवार, मित्रों व समाज के लोगों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। स्थानीय नेहरू स्टेडियम से शुरू हुई इस वॉकाथॉन रैली को पुलिस कमिश्नर और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली जीपीओ चौराहा, शिवाजी वाटिका और गीता भवन मार्ग से होते हुए वापस नेहरू स्टेडियम पहुंची। पूरे रास्ते में प्रतिभागियों ने नशे से दूरी है जरूरी, Say No to Drugs, स्वस्थ जीवन-नशामुक्त जीवन और नारी का संकल्प-नशामुक्त हो हर परिवार जैसे नारों से लोगों को जागरूक किया। वॉकाथॉन से पहले सभी प्रतिभागियों ने जोश और उत्साह के साथ जुम्बा सेशन में हिस्सा लेकर वॉर्मअप किया। आयोजन में छात्राएं, स्पोर्ट्स वुमन, सामाजिक एवं शैक्षणिक संस्थाओं की प्रतिनिधियां, पुलिस ट्रेनिंग कॉलेज की प्रशिक्षु महिला आरक्षक, पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी भी शामिल हुए। रैली को संबोधित करते पुलिस कमिश्नर ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नहीं, बल्कि परिवार की खुशियों, सामाजिक सौहार्द और आने वाली पीढ़ी के भविष्य को भी प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि एक सशक्त महिला अपने परिवार की आधारशिला नहीं होती, बल्कि पूरे समाज की दिशा और आने वाली पीढ़ी का भविष्य भी तय करती है। यदि माताएं, बहनें और बेटियां नशे के खिलाफ जागरूक होकर आगे आएंगी तो इस बुराई को जड़ से खत्म करना आसान होगा। इस वॉकाथॉन रैली में किशोरवय बालिकाओं से लेकर वरिष्ठ महिलाओं तक ने उत्साह के साथ भागीदारी निभाते हुए यह संदेश दिया कि नशे के खिलाफ लड़ाई पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।