लोकायुक्त ने तीन डाक्टरों को कमीशनखोरी में पकड़ा, मरीजों को निजी लैब रैफर कर लेते कमीशन, तीन में एक महिला डाक्टर
इन्दौर लोकायुक्त पुलिस ने एक ट्रैप कार्रवाई आयोजित कर तीन डॉक्टरों को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार डाक्टरों में एक महिला डाक्टर भी शामिल हैं। मरीजों को निजी पैथोलॉजी लैब में भेजने के एवज में कमीशन मांग रहे थे जिसकी शिकायत पर इन्दौर लोकायुक्त टीम ने यह कार्रवाई बड़वानी जिले के राजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में की।
लोकायुक्त के अनुसार राजपुर स्थित सेवा पैथोलॉजी लैब में मैनेजर पद पर पदस्थ अदनान अली, ने शिकायत दर्ज कराई थी कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर के डॉक्टर मरीजों को उनकी लैब पर भेजने के बदले जांच राशि में कमीशन लेते हैं। शिकायत में बताया गया कि पहले 20 प्रतिशत कमीशन लिया जाता था, लेकिन हाल ही में इसे बढ़ाकर 50 प्रतिशत कर दिया गया था। शिकायत सत्यापन में आरोप सही पाए जाने के बाद लोकायुक्त ने ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई। और योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते आरोपी डॉ. अमित शाक्य को 8 हजार रुपए, डॉ. दिव्या साईं को 5 हजार रुपए और डॉ. मनोहर गोदारा को 12 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ कुल रिश्वत राशि 25 हजार रुपए की राशि जब्त की। फिलहाल तीनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 2018 की धारा-7 एवं बीएनएस 2023 की धारा 61(2) के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

