विपक्ष के हंगामें के चलते लोकसभा की कार्यवाही 2 बजे तक के लिए स्थगित

ताज़ा खबर देश

नई दिल्ली । संसद के मानसून सत्र के नौवें दिन गुरुवार को सुबह 11 बजे लोकसभा की कार्यवाही शुरू हुई, लेकिन विपक्ष के हंगामे के कारण सदन महज दो मिनट ही चल सका। लगातार शोर-शराबे के बीच अध्यक्ष ने कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी। विपक्ष ने छात्र आंदोलन पर पुलिस की कार्रवाई और राम मंदिर चंदा विवाद पर सरकार से जवाब की मांग की।
लोकसभा में गुरुवार सुबह कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत के पदक विजेताओं को बधाई दी गई। इसके साथ ही स्पीकर ओम बिरला ने प्रश्नकाल की कार्यवाही का संचालन किया। इसी बीच गत दिवस नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के सदन में दिए गए भाषण को लेकर सत्ता पक्ष के सांसदों ने नारेबाजी शुरू कर दी। तभी विपक्ष के सदस्यों ने भी हंगामा शुरु कर दिया इस पर स्पीकर ने कहा, कई बार मैंने आग्रह किया है कि प्रश्नकाल संसद सदस्यों का अधिकार है। प्रश्नकाल पर सरकार की जवाबदेही भी तय होती है। सदन के माध्यम और फ्लोर लीडरों की बैठक में भी मैंने सभी से आग्रह किया कि सदन में प्रश्नकाल को बाधित न करें। प्रश्नकाल महत्वपूर्ण समय होता है। स्पीकर की समझाइश के बावजूद हंगामा जारी रहा। इसे देखते हुए स्पीकर ने सदन की कार्यवाही को दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया।
उधर, राज्यसभा में दोपहर 2 बजे पब्लिक एग्जामिनेशन (अनफेयर मीन्स की रोकथाम) संशोधन विधेयक-2026 पेश किया जाना है। इस विधेयक पर लगभग सात घंटे चर्चा होने की संभावना है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे सहित कई वरिष्ठ विपक्षी नेता बहस में हिस्सा लेंगे। वहीं लोकसभा में सुप्रीम कोर्ट (जजों की संख्या) संशोधन विधेयक-2026 पर चर्चा प्रस्तावित है।
पेपर लीक से संबंधित यह संशोधन विधेयक बुधवार को करीब सात घंटे चली बहस के बाद लोकसभा से पारित हो चुका है। सरकार ने इसे परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और नकल माफिया पर सख्त कार्रवाई की दिशा में बड़ा कदम बताया है। हालांकि विपक्ष का कहना है कि केवल दंड बढ़ाने से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि भर्ती और परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार की आवश्यकता है। संसद के दोनों सदनों में दिनभर महत्वपूर्ण विधेयकों पर चर्चा के साथ-साथ विपक्ष और सरकार के बीच तीखी राजनीतिक टकराव की स्थिति बने रहने के आसार हैं।