अपडेटेड बायो में नहीं लिखा राष्ट्रीय प्रवक्ता बीजेपी
- आधिकारिक पुष्टि का इंतजार
नई दिल्ली । भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर उनके प्रोफाइल में किए गए बदलाव के बाद उनके पार्टी से इस्तीफा देने की अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक न तो शहजाद पूनावाला और न ही बीजेपी की ओर से इस्तीफे की आधिकारिक पुष्टि की गई है।
शहजाद पूनावाला ने अपने एक्स प्रोफाइल से नेशनल स्पोक्सपर्सन, बीजेपी का उल्लेख हटा दिया है। इसके स्थान पर उन्होंने अपने बायो में लिखा है धर्म: इस्लाम, संस्कृति: हिंदू, विचारधारा: भारतीय, लेखक: जीएसटी की यात्रा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आजीवन अनुयायी। उन्होंने अपने अपडेटेड बायो का स्क्रीनशॉट भी साझा किया, जिसके साथ केवल मेरा अपडेटेड बायो लिखा।
इस्तीफे की अटकलें, लेकिन आधिकारिक घोषणा नहीं
सूत्रों के हवाले से दावा किया जा रहा है कि शहजाद पूनावाला ने निजी कारणों से पार्टी नेतृत्व को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। उन्होंने हाल के दिनों में अपने कुछ पुराने इंटरव्यू भी साझा किए हैं, जिनमें वे सक्रिय राजनीति छोड़ने की संभावना पर चर्चा करते दिखाई दिए थे।
2017 में कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में हुए थे शामिल
शहजाद पूनावाला वर्ष 2017 में कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए थे। इसके बाद वे पार्टी के प्रमुख टीवी प्रवक्ताओं में शामिल हो गए और राष्ट्रीय मुद्दों पर बीजेपी का पक्ष मजबूती से रखते रहे। अब उनके X प्रोफाइल में बदलाव के बाद उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं, जबकि अंतिम स्थिति आधिकारिक घोषणा के बाद ही स्पष्ट होगी।

